छत्तीसगढ़ में UPSC मेंस पास करने पर अब मिलेंगे 1 लाख रुपए, राज्य सरकार ने जारी किया आदेश
छत्तीसगढ़ सरकार ने संघ लोकसेवा आयोग (UPSC) की मेंस परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों के लिए प्रोत्साहन योजना की घोषणा की है। अब राज्य के ऐसे प्रतिभागियों को एक लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर नगरीय प्रशासन विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, छत्तीसगढ़ के निवासी जो UPSC मेंस तक पहुँचते हैं, उन्हें राज्य शासन की ओर से यह सम्मान राशि दी जाएगी। यह राशि नगरीय निकायों में दी जाने वाली “महापौर सम्मान निधि” के अंतर्गत दी जाएगी।
देशभर में बढ़ रही ऐसी योजनाएं
UPSC सिविल सेवा परीक्षा दुनिया की सबसे कठिन परीक्षाओं में गिनी जाती है, जिसे हर साल लाखों छात्र देते हैं, लेकिन चयनित उम्मीदवारों की संख्या सीमित होती है। इस कठिन प्रतिस्पर्धा को देखते हुए कई राज्य सरकारें ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं को प्रेरित करने के लिए आर्थिक सहायता देने की पहल कर रही हैं।
तेलंगाना में भी मिलती है सहायता
तेलंगाना सरकार ने भी 2024 में एक योजना लागू की थी, जिसके तहत UPSC प्रीलिम्स पास करने वाले छात्रों को 1 लाख रुपए प्रोत्साहन राशि दी जाती है। अब छत्तीसगढ़ सरकार ने भी इसी राह पर कदम बढ़ाते हुए मेंस पास करने वालों के लिए यह योजना शुरू की है।
