रायपुर में हिरण शिकार का मामला: दो आरोपी गिरफ्तार, घर से मिले सींग और अवशेष
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मोवा इलाके में वन विभाग ने हिरण के शिकार के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के नाम यासिर खान और फराज खान हैं। विभाग का दावा है कि इन युवकों के घर से हिरण के सींग और अवशेष बरामद हुए हैं।
सूत्रों से मिली सूचना पर वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने इन युवकों के घर पर छापा मारा। वहां से हिरण के शिकार से जुड़े अवशेष और सबूत बरामद किए गए।
पूछताछ के दौरान विरोध और झड़प
जब वन विभाग की टीम आरोपियों को पूछताछ के लिए साथ ले जाने लगी, तो दोनों ने विरोध किया और विभाग के कर्मचारियों से धक्का-मुक्की और झूमा-झटकी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि एक आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया और दोनों को विभागीय वाहन में बिठाकर पूछताछ के लिए ले गई।

शिकार की जानकारी जुटा रही टीम
वन विभाग की प्रारंभिक जांच में दो से तीन हिरणों के अवशेष मिलने की बात सामने आई है। फिलहाल शिकार कहां और कैसे किया गया, इसके बारे में पूछताछ जारी है। विभाग यह भी पता लगाने में जुटा है कि क्या इस शिकार में और लोग भी शामिल थे या नहीं।
