बैंक ग्राहकों को बड़ी राहत: 28 से 30 सितंबर की प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल टली

IBA और UFBU की बैठक में बनी सहमति, 5 दिन बैंकिंग और शनिवार की छुट्टी समेत मांगों पर विचार के लिए कमेटी गठित करने का फैसला

नई दिल्ली। बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। 5 दिन बैंकिंग व्यवस्था समेत विभिन्न मांगों को लेकर 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित देशव्यापी बैंक हड़ताल फिलहाल स्थगित कर दी गई है। रविवार देर रात इंडियन बैंक एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई बैठक के बाद हड़ताल टालने पर सहमति बनी।

हड़ताल स्थगित होने के बाद सोमवार से बुधवार तक बैंक शाखाओं में सामान्य रूप से कामकाज जारी रहेगा। ऐसे में ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं के लिए प्रस्तावित हड़ताल के कारण होने वाली संभावित परेशानी से फिलहाल राहत मिल गई है।

5 दिन बैंकिंग व्यवस्था की मांग पर कमेटी

बैंक कर्मचारी और अधिकारी लंबे समय से सप्ताह में केवल 5 दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने और सभी शनिवार को अवकाश घोषित करने की मांग कर रहे हैं। रविवार देर रात हुई बैठक में इस मुद्दे पर विचार करने के लिए कमेटी गठित करने पर सहमति बनी।

बैठक के बाद UFBU ने प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल को स्थगित करने का निर्णय लिया।

इन मांगों को लेकर भी चल रहा आंदोलन

बैंक यूनियनों की मांगें केवल 5 दिन बैंकिंग व्यवस्था तक सीमित नहीं हैं। कर्मचारियों और अधिकारियों की ओर से परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना में मौजूद विसंगतियों को दूर करने, बैंकों में खाली पदों पर भर्ती करने और पुरानी पेंशन योजना को फिर से लागू करने की मांग भी की जा रही है।

इसके अलावा बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों से जुड़े सेवा संबंधी कई अन्य मुद्दे भी यूनियनों के एजेंडे में शामिल हैं। इन मांगों को लेकर बैंक यूनियनें लंबे समय से आंदोलन कर रही हैं।

रविवार को भी खोले गए थे बैंक

प्रस्तावित हड़ताल को देखते हुए ग्राहकों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए 27 सितंबर रविवार को भी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों में सामान्य कार्यदिवस की तरह कामकाज की व्यवस्था की गई थी।

रिजर्व बैंक और वित्त मंत्रालय के निर्देशों के बाद बैंक शाखाओं के साथ-साथ करेंसी चेस्ट और संबंधित इकाइयों को भी खोलने की तैयारी की गई थी। अब हड़ताल स्थगित होने के बाद बैंकिंग सेवाएं निर्धारित व्यवस्था के अनुसार सामान्य रूप से संचालित होंगी।