महासमुंद में मानव तस्करी सिंडिकेट का बड़ा पर्दाफाश: 10 ठिकानों पर पुलिस का छापा, ₹1.48 करोड़ कैश और नोट गिनने की मशीन जब्त
महासमुंद / रायपुर:
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने मानव तस्करी और बंधुआ मजदूरी कराने वाले एक बहुत बड़े अंतरराज्यीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने नेटवर्क से जुड़े 10 ठिकानों पर एक साथ ताबड़तोड़ दबिश देकर ₹1.48 करोड़ से अधिक नकदी, नोट गिनने की मशीन और भारी मात्रा में महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।
अस्पताल के मेमो से खुला बड़ा राज
मामले का खुलासा तब हुआ जब 21 सितंबर को एक नाबालिग से दुष्कर्म और उसके गर्भवती होने की सूचना अस्पताल मेमो के जरिए पुलिस तक पहुंची। मामले की गहराई से जांच और कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस मानव तस्करी तथा संगठित बंधुआ मजदूरी के इस बड़े रैकेट तक पहुंच गई।
मास्टरमाइंड समेत 5 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस नेटवर्क के मास्टरमाइंड मुकेश चंद्राकर सहित लता सवर, नंदू मोहंती, पीयूष अग्रवाल और मनीष गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है।
ऐसे काम करता था सिंडिकेट
यह नेटवर्क छत्तीसगढ़ और ओडिशा के आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण परिवारों को एडवांस पैसों का लालच देकर दूसरे राज्यों के ईंट भट्ठों व अन्य कार्यस्थलों पर भेजता था। वहां मजदूरों को डरा-धमकाकर बंधुआ बनाकर रखा जाता था और अमानवीय परिस्थितियों में काम कराया जाता था।
भारी मात्रा में कैश और दस्तावेज जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने ₹1,48,54,750 (1 करोड़ 48 लाख 54 हजार 750 रुपये) नकद, नोट गिनने की मशीन, मजदूर पलायन से जुड़े रजिस्टर, गिरवी दस्तावेज, डायरियां, मोबाइल, बैंक पासबुक और एटीएम कार्ड जब्त किए हैं।
BNS की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
खल्लारी थाना पुलिस ने BNS की धाराओं के तहत मानव तस्करी और संगठित अपराध (धारा 111) का मामला दर्ज किया है। जब्त मोबाइल, बैंक खातों और दस्तावेजों के आधार पर पुलिस सिंडिकेट से जुड़े अन्य नेटवर्क और सफेदपोशों की तलाश में जुटी है।
