बेमेतरा में दर्दनाक हादसा: खेत में ट्रांसफॉर्मर फटने से झुलसे 3 किसानों की मौत, गांव में पसरा मातम

बेमेतरा / रायपुर:

छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के ग्राम मोहतरा (हेमबंद खार) में बीते 20 सितंबर को हुए दर्दनाक हादसे में गंभीर रूप से झुलसे तीनों किसानों की इलाज के दौरान मौत हो गई है। खेत में काम करने के दौरान अचानक विद्युत ट्रांसफॉर्मर में हुए जोरदार धमाके और उससे निकले खौलते तेल की चपेट में आने से तीनों बुरी तरह झुलस गए थे। रायपुर के अस्पताल में 5 दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद तीनों ने दम तोड़ दिया।

कैसे हुआ दर्दनाक हादसा?

20 सितंबर (रविवार) को किसान ईश्वर पटेल (62), राधेश्याम चंद्राकर (50) और उनके पुत्र छन्नू चंद्राकर (32) अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान पास में लगा विद्युत ट्रांसफॉर्मर अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गया। ब्लास्ट इतना भीषण था कि ट्रांसफॉर्मर का गर्म तेल दूर तक उछलकर तीनों किसानों पर जा गिरा, जिससे वे बुरी तरह झुलस गए। प्राथमिक इलाज के बाद नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर किया गया था।

पिता-पुत्र का एक साथ अंतिम संस्कार, बच्चों के सिर से उठा साया

हादसे में जान गंवाने वाले पिता राधेश्याम चंद्राकर और उनके 32 वर्षीय बेटे छन्नू चंद्राकर की शुक्रवार रात भारी बारिश के बीच एक साथ अंतिम यात्रा निकाली गई और अंतिम संस्कार किया गया। मृतक छन्नू के छोटे-छोटे मासूम बच्चे हैं, जिनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। वहीं, तीसरे मृतक किसान ईश्वर पटेल का शनिवार को गांव में गमगीन माहौल के बीच अंतिम संस्कार किया गया।

बिजली विभाग के खिलाफ ग्रामीणों में आक्रोश

एक ही गांव के तीन किसानों की दर्दनाक मौत के बाद मोहतरा और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर और भारी जनाक्रोश है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की घोर लापरवाही को हादसे का जिम्मेदार ठहराते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच और पीड़ित परिवारों को तत्काल उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।