कृषि केंद्र अधिकारी ने किराए के मकान में की आत्महत्या, मोबाइल कैमरे में कैद की आखिरी घड़ी
गरियाबंद: जिले में एक 38 वर्षीय कृषि केंद्र अधिकारी ने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक ने आत्महत्या से पहले मोबाइल कैमरा टेबल पर सेट किया था और कान में ईयरफोन लगाकर घटना को अंजाम दिया। इस दर्दनाक घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
देवभोग के मांझीपारा में हुई इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। साथ ही मोबाइल जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है।
मृतक की पहचान जितेंद्र कुशवाहा (38 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मैनपुर निवासी और रिटायर्ड कृषि विस्तार अधिकारी आर.डी. कुशवाहा का इकलौता बेटा था। परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। वह सप्ताह में दो से तीन दिन किराए के मकान में देवभोग आया करता था।
आज सुबह जब जितेंद्र के निजी स्टाफ ने दरवाजा खटखटाया और फोन किया, तो कोई जवाब नहीं मिला। डेढ़ घंटे बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे मृतक के पिता और पुलिस ने दरवाजा तोड़कर भीतर प्रवेश किया, जहां जितेंद्र का शव फंदे पर लटकता मिला।
