पहलगाम हमले के बाद बिश्नोई गैंग की खुली धमकी, पाकिस्तान में घुसकर मारने की चेतावनी; भारत सरकार एक्शन मोड में
नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने आतंकियों और उनके आकाओं को जमींदोज करने की तैयारी शुरू कर दी है। केंद्र की मोदी सरकार अब पूरी तरह एक्शन में आ गई है। राजधानी दिल्ली में बुधवार को सुरक्षा और राजनीतिक मामलों को लेकर ‘सुपर कैबिनेट’ मीटिंग हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट की सुरक्षा समिति (CCS) और राजनीतिक समिति (CCPA) की अहम बैठकें चल रही हैं। CCPA को सबसे ताकतवर कैबिनेट समिति माना जाता है।
इस बीच, महाराष्ट्र के जालना के रहने वाले आदर्श राउत ने चौंकाने वाला दावा किया है। आदर्श ने कहा कि पहलगाम नरसंहार से एक दिन पहले 21 अप्रैल को बैसरन घाटी में उसकी एक संदिग्ध से बातचीत हुई थी। उस व्यक्ति ने उससे पूछा, “हिंदू हो क्या? तुम कश्मीर के नागरिक नहीं लगते।”
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने भी हमले की अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया का जिक्र करते हुए कहा, “यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरेस का फोन आया। उन्होंने हमले की स्पष्ट निंदा की और जवाबदेही की अहमियत पर सहमति जताई।”
हमले के बाद पाकिस्तान की ओर से बौखलाहट भरे कदम भी देखने को मिल रहे हैं। पहले एलओसी पर और अब अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीजफायर का उल्लंघन किया जा रहा है। मंगलवार-बुधवार की रात पाकिस्तानी चौकियों से फायरिंग की गई, जिसका भारतीय सेना ने करारा जवाब दिया। एलओसी के कई सेक्टरों में हलचल बढ़ी है और सेना ने ऑपरेशनल अलर्ट जारी किया है।
इस बीच, गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह ने सोशल मीडिया पर आतंकी हाफिज सईद की तस्वीर के साथ धमकी भरा पोस्ट जारी किया है। तस्वीर पर क्रॉस बनाकर लिखा गया – “तुमने हमारे निर्दोष लोगों को मारा है, अब हम पाकिस्तान में घुसकर एक ऐसा आदमी मारेंगे जो एक लाख के बराबर होगा।”
इस बयान ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
भारत सरकार अब हर मोर्चे पर सख्त रुख अपना रही है और आने वाले दिनों में और भी बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।
