उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने की भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना, कहा- यादव समाज सनातन संस्कृति की मजबूत पहचान
लोरमी में गूंजा कान्हा का जयघोष, जन्माष्टमी पर निकली भव्य शोभायात्रा
लोरमी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर लोरमी में आस्था, भक्ति और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। मानस मंच में सर्व यादव समाज एवं यदुवंशी सेना की ओर से आयोजित जन्माष्टमी उत्सव में उप मुख्यमंत्री अरुण साव शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने भव्य शोभायात्रा में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लिया।
जन्माष्टमी समारोह को संबोधित करते हुए अरुण साव ने कहा कि यादव समाज सनातन संस्कृति, परंपरा और लोक विरासत का महत्वपूर्ण वाहक है। समाज ने अपनी समृद्ध परंपराओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी सहेजने का काम किया है। राउत नाचा जैसी छत्तीसगढ़ की विशिष्ट लोक परंपराएं आज भी समाज की सांस्कृतिक पहचान को मजबूती प्रदान कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें प्रेम, एकता, कर्तव्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। जन्माष्टमी का पर्व समाज को अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़े रहने के साथ आपसी भाईचारे एवं सद्भाव का संदेश देता है।
बाइक रैली से निकली शोभायात्रा, शहर में दिखा उत्साह
जन्माष्टमी के अवसर पर मानस मंच से बाइक रैली भी निकाली गई। रैली शिवपाट से होते हुए लोरमी शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरी। इसके बाद बाजारपारा स्थित शीतला मंदिर से भगवान श्रीकृष्ण की भव्य शोभायात्रा शुरू हुई। शोभायात्रा मेन रोड से होते हुए मानस मंच पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में यादव समाज के लोगों, युवाओं और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
पूरे आयोजन के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जयघोष से शहर का माहौल भक्तिमय बना रहा। शोभायात्रा में पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिले।
आरु साहू की प्रस्तुति ने बांधा समां
मानस मंच पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ रत्न और प्रसिद्ध लोकगायिका आरु साहू ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। उनके लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का रंग भर दिया।
आयोजन के दौरान ‘महादेव तांडव’ रोड शो और बाइक रैली भी आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों एवं श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही।
जन्माष्टमी पर रक्तदान से दिया सामाजिक सेवा का संदेश
सर्व यादव समाज लोरमी की ओर से जन्माष्टमी उत्सव के साथ निःशुल्क रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। समाज के सदस्यों के साथ अन्य इच्छुक लोगों ने भी स्वेच्छा से रक्तदान कर सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की। आयोजन के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ सेवा और मानवता का संदेश भी दिया गया।
जनप्रतिनिधियों और समाज के पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
जन्माष्टमी उत्सव में लोरमी नगर पालिका अध्यक्ष सुजीत वर्मा, उपाध्यक्ष डॉ. अशोक जायसवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष वर्षा सिंह, विक्रम सिंह, गुरमीत सलूजा, धनीराम यादव और संजय यादव सहित यादव समाज एवं यदुवंशी सेना के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
