रायपुर : जनजातीय नायकों की गौरवगाथा से प्रेरणा लेकर विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनें : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

बिलासपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि जनजातीय समाज का गौरवशाली इतिहास साहस, स्वाभिमान, संघर्ष और अपनी संस्कृति व परंपराओं की रक्षा का इतिहास है। देश की स्वतंत्रता और समाज के अधिकारों के लिए जनजातीय नायकों ने जो त्याग और बलिदान दिया है, वह हमारी अमूल्य धरोहर है। हमें अपने महान जननायकों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर शिक्षा, आत्मनिर्भरता और विकास के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाना है तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी है।

मुख्यमंत्री श्री साय आज बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर लगभग 120 करोड़ रुपए की लागत के 16 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।

भगवान बिरसा मुंडा और वीर नारायण सिंह को किया नमन

मुख्यमंत्री ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के महान जनजातीय नायकों को नमन करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में ही अंग्रेजी शासन की दमनकारी नीतियों के विरुद्ध संघर्ष का बिगुल फूंका और समाज को संगठित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में ही 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाने की शुरुआत हुई है, जिससे जनजातीय समाज के ऐतिहासिक योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है।

उन्होंने छत्तीसगढ़ के अमर शहीद वीर नारायण सिंह के बलिदान को याद करते हुए कहा कि नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय में प्रदेश के जनजातीय नायकों के गौरवशाली इतिहास को संजोया गया है, जिससे युवा पीढ़ी प्रेरणा ले सकती है।

शिक्षा और आत्मनिर्भरता से संवरेगा भविष्य

मुख्यमंत्री श्री साय ने शिक्षा को सामाजिक और आर्थिक विकास का मूलमंत्र बताया। उन्होंने कहा कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों, छात्रावासों और ओरछा तथा जगरगुंडा में विकसित हो रही एजुकेशन सिटी के माध्यम से दूरस्थ अंचलों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है। इसके साथ ही पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाओं से दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं तेजी से पहुंच रही हैं।

इन गणमान्य अतिथियों की रही विशेष उपस्थिति

समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, विधायक श्री अमर अग्रवाल, श्री धरमलाल कौशिक, श्री सुशांत शुक्ला, श्री दिलीप लहरिया, श्री अटल श्रीवास्तव, महापौर श्रीमती पूजा विधानी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, समाजों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।