भारत सरकार ने शोएब अख्तर समेत 17 पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों पर लगाया बैन, जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई

भारत सरकार ने सोमवार को 17 पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों पर बैन लगा दिया है। इनमें शोएब अख्तर, डॉन न्यूज, समा टीवी और जिओ न्यूज जैसे बड़े चैनल शामिल हैं। सरकार का कहना है कि ये चैनल भारत और सुरक्षा एजेंसियों के खिलाफ झूठी और भ्रामक खबरें फैला रहे थे। यह कार्रवाई गृह मंत्रालय की सिफारिश पर की गई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बीच इस मुद्दे पर एक अहम बैठक होने वाली है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रधानमंत्री से मिलने उनके आवास पर पहुंचे हैं। इसी बीच, जम्मू-कश्मीर विधानसभा में पहलगाम आतंकी हमले को लेकर एक विशेष सत्र बुलाया गया, जिसमें मारे गए पर्यटकों को श्रद्धांजलि दी गई।

जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ बड़े ऑपरेशन

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 15 ठिकानों पर छापेमारी की है। सूत्रों के अनुसार, ये रेड उन आतंकियों के ठिकानों पर की गई जो पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) से ऑपरेट कर रहे हैं और जिनके तार पहलगाम हमले से जुड़े हैं।

पाकिस्तानी सेना ने पहलगाम हमले के बाद लगातार चौथे दिन सीजफायर का उल्लंघन किया। रविवार देर रात और सोमवार तड़के पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा (LoC) पर फायरिंग की, जिसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया।

NIA सूत्रों का दावा- हमले में ड्रोन का इस्तेमाल

22 अप्रैल को बैसरन घाटी, पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत हुई थी। अब तक जम्मू-कश्मीर में 10 आतंकियों के घरों को ब्लास्ट कर ध्वस्त किया जा चुका है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) हमले की जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, आतंकियों ने हमले से पहले इलाके की रेकी के लिए चाइनीज ड्रोन का इस्तेमाल किया था।

एजेंसियों को शक है कि हथियारों की आपूर्ति में भी ड्रोन का इस्तेमाल हुआ हो सकता है। हमले के बाद आतंकियों के पुलवामा या अनंतनाग की ओर भागने की आशंका जताई गई है, क्योंकि इन इलाकों में हलचल देखी गई थी।

जम्मू-कश्मीर विधानसभा में निंदा प्रस्ताव पास

जम्मू-कश्मीर विधानसभा ने सोमवार को पहलगाम आतंकी हमले की निंदा करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया। प्रस्ताव में केंद्र सरकार द्वारा 23 अप्रैल को कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी की बैठक के बाद उठाए गए कदमों का समर्थन भी किया गया।

उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने विधानसभा में यह प्रस्ताव पेश किया। प्रस्ताव में कहा गया कि पहलगाम हमला कश्मीरियत, भारतीय संविधान और राज्य में शांति व एकता की भावना पर हमला है। साथ ही, शहीद सैयद आदिल हुसैन शाह के साहस और बलिदान को भी सलाम किया गया, जिन्होंने पर्यटकों की जान बचाते हुए अपनी जान गंवा दी।

रामदास अठावले का बयान- PoK पर हमला करें अगर पाकिस्तान नहीं सौंपता

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि यदि पाकिस्तान PoK को भारत को नहीं सौंपता है, तो भारत को उस पर हमला करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक PoK पाकिस्तान के पास रहेगा, तब तक आतंकवाद की घटनाएं जारी रहेंगी।