रायपुर में मुख्यमंत्री ने दी समाज और तेलघानी विकास बोर्डों को नई दिशा, नव नियुक्त अध्यक्षों को दिलाई शपथ
रविवार को रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शिरकत की। मुख्यमंत्री अघरिया समाज सेवा समिति के वार्षिक सम्मेलन में शामिल हुए। इसके साथ ही तेलघानी विकास बोर्ड और चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के नव नियुक्त अध्यक्षों के शपथ ग्रहण समारोह में भी उपस्थित रहे।
अघरिया समाज के सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि समाज का इतिहास अत्यंत गौरवशाली है, जिसकी जड़ें भारतीय सभ्यता की गहराइयों से जुड़ी हुई हैं। मेहनतकश अघरिया समाज ने अपने मूल व्यवसाय कृषि के साथ-साथ अन्य अनेक क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में अघरिया समाज के योगदान से बहुत कुछ सीखा जा सकता है।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भी कार्यक्रम में संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि अघरिया समाज की मेहनत, समर्पण और प्रतिबद्धता किसी परिचय की मोहताज नहीं है। संगठित समाज राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। चौधरी ने कहा कि अघरिया समाज ने कृषि के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा निर्धारित 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए क्षमता निर्माण पर विशेष ध्यान दें।
नव नियुक्त अध्यक्षों का शपथ ग्रहण समारोह
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के नव नियुक्त अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा के शपथ ग्रहण समारोह में भी शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ध्रुव कुमार मिर्धा के जनसेवा के दीर्घ अनुभव का लाभ निश्चित रूप से पूरे समाज को मिलेगा।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ तेलघानी विकास बोर्ड के नव नियुक्त अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार साहू के शपथ ग्रहण समारोह में भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और परंपरागत श्रमशीलता का सम्मान एक उत्सव की तरह है, जिसने प्रदेश की आत्मा को सदियों से संजोकर रखा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ तेलघानी विकास बोर्ड नई ऊंचाइयों को छुएगा।
