रायपुर में फर्जी सिविल जज बनकर बचपन की सहेली से 1.88 लाख की ठगी, सुप्रीम कोर्ट की वकील बताकर जमाया भरोसा; पैसे से खरीदा iPhone

रायपुर। राजधानी रायपुर में ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने अपनी ही बचपन की सहेली को कथित तौर पर फर्जी सिविल जज और सुप्रीम कोर्ट की वकील बनकर 1 लाख 88 हजार रुपए का चूना लगा दिया। आरोपी ने सहेली के भाई का पारिवारिक विवाद सुलझाने और पुलिस कार्रवाई रुकवाने का भरोसा दिलाकर अलग-अलग बहानों से रकम वसूली। पीड़िता का आरोप है कि ठगी की रकम से आरोपी ने नया iPhone भी खरीदा।

मामले में पीड़िता आरजू शर्मा (24) की शिकायत पर खमतराई पुलिस ने पूजा सिंह उर्फ मीठी सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 319(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बचपन की दोस्ती का उठाया फायदा

खमतराई निवासी आरजू शर्मा निजी शिक्षिका हैं। उनकी पूजा सिंह से बचपन से दोस्ती थी। दोनों ने डैजल पब्लिक स्कूल में पहली से पांचवीं कक्षा तक साथ पढ़ाई की थी। बाद में इंस्टाग्राम के जरिए भी दोनों का संपर्क बना रहा।

शिकायत के मुताबिक, पूजा ने अप्रैल 2025 में सोशल मीडिया पर काले कोट और बैंड में अपनी तस्वीरें पोस्ट की थीं। वह खुद को दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट की वकील बताती थी। रायपुर कोर्ट में भी उसे वकीलों और क्लाइंट्स के साथ वकील की पोशाक में देखकर आरजू को उसकी बातों पर भरोसा हो गया।

भाई का पारिवारिक विवाद सुलझाने का दिया झांसा

आरजू के भाई आदित्य शर्मा की शादी 3 फरवरी 2026 को मोहला-मानपुर जिले के अंबागढ़ की प्राची शर्मा से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। प्राची ने आदित्य, आरजू और उनकी मां के खिलाफ क्रूरता और उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी।

इस परेशानी में आरजू ने पूजा से कानूनी मदद मांगी। आरोप है कि पूजा ने बड़े पुलिस अधिकारियों और मजिस्ट्रेटों से अपनी पहचान होने का दावा करते हुए मामला सुलझाने का भरोसा दिलाया।

राजस्थान कैडर में सिविल जज बनने का किया दावा

सितंबर 2026 के पहले सप्ताह में पूजा ने आरजू को बताया कि वह दिल्ली से रायपुर आ रही है। 13 सितंबर को आरजू ने उसे यात्रा खर्च के लिए 5 हजार रुपए ऑनलाइन भेजे।

रायपुर पहुंचने के बाद पूजा ने दावा किया कि उसका चयन राजस्थान कैडर में सिविल जज के पद पर हो गया है और वह ट्रेनिंग पर है। इसलिए वह खुद केस नहीं लड़ सकती। उसने सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अमानत उल्ला खान से केस लड़वाने की बात कही। 14 सितंबर को पहाड़ी चौक, गुढ़ियारी के पास आरजू की उनसे मुलाकात भी कराई गई।

पुलिस अधिकारी और वकील की फीस के नाम पर वसूले पैसे

पीड़िता के मुताबिक, 16 सितंबर को पूजा ने दावा किया कि मोहला-मानपुर चौकी के पुलिस अधिकारी मनीष से उसकी बात हो गई है। मामला खत्म कराने और परिवार के खिलाफ FIR दर्ज नहीं होने देने के लिए 2 लाख रुपए देने होंगे। इसके अलावा अपनी और वकील की फीस के नाम पर भी 50 हजार रुपए मांगे गए।

इसके बाद आरजू ने वकील के गूगल-पे खाते में 15 हजार और पूजा के खाते में 5 हजार रुपए ट्रांसफर किए। वहीं, पुलिस अधिकारी को नकद रकम देने की बात कहकर पूजा ने आरजू से 1.5 लाख रुपए भी ले लिए। आरोप है कि इस दौरान पूजा के परिवार के सदस्यों ने भी उसके जज बनने की बात कहकर आरजू को भरोसा दिलाया।

चौकी के बाहर QR कोड भेजकर मंगवाए 18 हजार

इसी रात पूजा, आरजू और उनका भाई मोहला-मानपुर चौकी पहुंचे। पूजा पुलिस अधिकारी से बातचीत करने के नाम पर अंदर गई। कुछ देर बाद उसने आरजू को QR कोड भेजकर प्राची शर्मा और उसके परिचितों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) निकलवाने के लिए 18 हजार रुपए मांगे। आरजू ने यह रकम भी ट्रांसफर कर दी।

iPhone खरीदने पर हुआ शक, पैसे मांगने पर धमकी

आरजू का आरोप है कि पैसे लेने के बाद पूजा नया iPhone लेकर आई और उसे दिखाया। बाद में एक परिचित से जानकारी मिली कि पूजा ने कानून की पढ़ाई भी पूरी नहीं की है। इसके बाद आरजू ने संबंधित अधिवक्ता से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि पूजा उनसे पैसे वापस ले चुकी है और उन्होंने कभी उसके आईडी या प्रमाणपत्र नहीं देखे थे।

जब आरजू ने 3 अक्टूबर को पूजा के घर जाकर रकम वापस मांगी तो कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज की गई। साथ ही सुप्रीम कोर्ट की वकील और सिविल जज होने का रौब दिखाकर झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई।

12 नवंबर को दर्ज हुई FIR

पीड़िता ने 4 अक्टूबर को खमतराई थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने 12 नवंबर को पूजा सिंह उर्फ मीठी सिंह के खिलाफ BNS की धारा 318(4) और 319(2) के तहत FIR दर्ज की है। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर मनीष बाजपेयी कर रहे हैं।

पुलिस जांच में अब आरोपी के जज और सुप्रीम कोर्ट की वकील होने के दावों के साथ-साथ कथित ठगी की रकम के लेनदेन और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जाएगी।