गांधी जयंती पर राज्यपाल रमेन डेका ने दिया स्वच्छता का संदेश

रायपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने स्वच्छ भारत अभियान के तहत लोक भवन परिसर में स्वच्छता गतिविधियों में सहभागिता की। उन्होंने परिसर के बाहर स्वयं साफ-सफाई कर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
राज्यपाल डेका ने लोक भवन परिसर में झाड़ू लगाकर कचरा एकत्र किया और उसके उचित निपटान में सहभागिता की। इस दौरान लोक भवन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी परिसर के विभिन्न हिस्सों में स्वच्छता अभियान चलाया। अधिकारियों-कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से सफाई कर परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में योगदान दिया।
राज्यपाल डेका ने कहा कि स्वच्छता को केवल किसी विशेष दिवस तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन की नियमित आदत बनाना जरूरी है। स्वच्छ वातावरण स्वस्थ और सुंदर समाज की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ परिसर और स्वच्छ समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा सहित लोक भवन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

