एजाज खान को लगा तगड़ा झटका, नहीं काम आए इंस्टाग्राम के 5.6 मिलियन फॉलोअर्स , वोट मिले सिर्फ 155
बिग बॉस प्रतियोगी और अभिनेता एजाज खान ने वर्सोवा सीट से महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव लड़ा। उन्होंने नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद की पार्टी आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के टिकट पर नामांकन किया था। हालांकि, मतगणना के परिणाम ने एजाज को तगड़ा झटका दिया है। उन्हें केवल 155 वोट ही मिले हैं। वहीं, 1298 लोगों ने नोटा का बटन दबाया है। इसे देखने के बाद नेटिजन्स ने अभिनेता को आड़े हाथों ले लिया है, क्योंकि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एजाज खान के 56 लाख फॉलोअर्स हैं।
खुद को मुंबई का भाईजान बताने वाले एजाज वोट हासिल करने में पूरी तरह असफल नजर आए हैं। वहीं, दसवें राउंड के बाद हारूण 32,499 वोट पाकर भाजपा की भारती से 6,856 वोटों से आगे चल रहे हैं। भारती को 25,643 वोट हासिल हुए हैं
5.6 मिलियन से अधिक सोशल मीडिया फॉलोअर्स वाले अभिनेता एजाज खान चुनाव में बुरी तरह हारते नजर आ रहे हैं। जानकारी हो कि इस सीट से कुल 16 उम्मीदवार मैदान में हैं। सीट को परंपरागत रूप से कांग्रेस का गढ़ माना जाता है। यहां से अभिनेता ने आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के टिकट पर वोट लड़ा और बुरी तरह पस्त हुए हैं।
एजाज खान की हार पर नेटिजन्स ने चुटकी लेना शुरू कर दिया है। वोटिंग से जुड़ी एक वायरल पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए एक एक्स यूजर ने लिखा, ’56 लाख इंस्टाग्राम फॉलोअर वाले इंसान को इतने कम वोट मिले हैं।’ दूसरे ने लिखा, ‘लगता है एजाज को उनके परिवारवालों का भी वोट नहीं मिला।’ वहीं, एक अन्य लिखते हैं, ‘इससे अच्छा तो रजत दलाल को ही चुनाव लड़वा देते।’
