’नर सेवा, नारायण सेवा’ के भाव के साथ मनाया गया डॉ. अरुणा यादव का जन्मदिन; किन्नर समाज के बीच बांटी खुशियां, रोपे 40 पौधे
रायपुर । ‘सेवा ही सच्चा उत्सव है’ के मूल मंत्र को सार्थक करते हुए शुभारंभ फाउंडेशन एवं ब्रह्मराष्ट्र एकम् विश्व महासंघ के तत्वावधान में एक विशेष सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन शुभारंभ फाउंडेशन की सचिव एवं ब्रह्मराष्ट्र एकम् विश्व महासंघ काशी की रायपुर अध्यक्ष डॉ. अरुणा यादव जी के जन्मदिवस के अवसर पर संपन्न हुआ। इस वर्ष उन्होंने अपने जन्मदिन को व्यक्तिगत तड़क-भड़क के बजाय परोपकार, सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित किया।
किन्नर समाज के बीच स्नेह मिलन और सनातन चर्चा: ‘नर सेवा, नारायण सेवा’ के भाव के साथ डॉ. अरुणा यादव जी सरोना स्थित ‘गरिमा भवन’ पहुंचीं। वहां उन्होंने मुख्यधारा से उपेक्षित किन्नर समाज के भाई-बहनों के साथ खुशियां बांटीं, उनका आशीर्वाद लिया और उपहार वितरित किए। इस आत्मीय मिलन के दौरान उपस्थित जनों के बीच अत्यंत सौहार्दपूर्ण माहौल में सनातन धर्म की समृद्ध परंपराओं और समाज में नैतिक मूल्यों की स्थापना को लेकर सार्थक चर्चा भी की गई।

पर्यावरण संरक्षण के लिए रोपे 40 पौधे: अपने जन्मदिवस को प्रकृति की रक्षा के प्रति समर्पित करते हुए डॉ. अरुणा यादव ने समाज को “छोटे कदम, बड़ा बदलाव” का संदेश दिया। उन्होंने अपनी आयु के अनुसार हीरापुर में 40 पौधे रोपे और कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जन्मदिन पर दिखावा छोड़कर उतने पौधे लगाने चाहिए जितने वर्ष के वे हो चुके हैं, साथ ही मौजूदा पेड़ों की सुरक्षा का भी संकल्प लेना चाहिए।

गरिमामयी उपस्थिति: इस पुनीत कार्य में शुभारंभ फाउंडेशन की अध्यक्ष डॉ. सीमा कटंकर, ब्रह्मराष्ट्र एकम् विश्व महासंघ काशी की अध्यक्ष श्रीमती अन्नपूर्णा शर्मा, खुशबू शर्मा, समता वारा, किशोर वारा, किरण यादव, अर्चना बोरा, प्रीति मिश्रा, गौरी अवघिया, सुषमा दीदी, प्रीति ठाकुर, दौलती गुप्ता, दीप नारायण प्रसाद, एकवीरा यादव, हेश यादव, श्रेयांश यादव, अथर्व यादव एवं मिताली यादव उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के समापन पर किन्नर समाज की पूजनीय विद्या दीदी एवं सामाजिक कार्यकर्ता गोविंद भैया सहित समस्त जनों ने डॉ. अरुणा यादव के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर सेवा भाव से परिपूर्ण जीवन की कामना की।
