धमतरी में धर्मांतरित व्यक्ति के अंतिम संस्कार को लेकर तनाव, प्रशासन की मौजूदगी में शव निकाला गया
धमतरी।
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में धर्मांतरित व्यक्ति के अंतिम संस्कार को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। मामला दुगली थाना क्षेत्र के मुनईकेरा गांव का है, जहां एक व्यक्ति के शव को घर के परिसर में दफनाए जाने पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई।
जानकारी के अनुसार, जल सिंह नेताम ने लगभग 15 वर्ष पूर्व ईसाई धर्म अपनाया था। लंबी बीमारी के बाद 8 फरवरी को उनका निधन हो गया। परिजनों ने अंतिम संस्कार के तहत शव को घर की बाड़ी में दफना दिया। जब इसकी जानकारी गांव के लोगों को हुई, तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और शव को कब्र से बाहर निकालने की मांग करने लगे।
स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन को सूचना दी गई। देर रात एसडीएम, तहसीलदार और पुलिस बल गांव पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद भी जब सहमति नहीं बन सकी, तो प्रशासन की निगरानी में कब्र खोदकर शव को बाहर निकाला गया।
प्रशासन द्वारा शव को धमतरी ले जाया गया, जहां बाद में उसे ईसाई कब्रिस्तान में दफनाए जाने की प्रक्रिया पूरी की गई। पूरे घटनाक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। फिलहाल गांव में स्थिति शांत बताई जा रही है।
