सोनडोंगरी में निर्माणाधीन श्वान आश्रय केंद्र का आयुक्त ने किया निरीक्षण, शीघ्र कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश

रायपुर – रायपुर जिला कलेक्टर एवं नगर निगम प्रशासक डॉक्टर गौरव सिंह के निर्देश पर नगर निगम रायपुर के आयुक्त अबिनाश मिश्रा ने आज नगर निगम जोन क्रमांक 8 के अंतर्गत सोनडोंगरी में निर्माणाधीन श्वान आश्रय केंद्र का निरीक्षण किया। निगम अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, जोन 8 के जोन कमिश्नर ए. के. हालदार और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ आयुक्त ने कार्य प्रगति का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।

श्वान आश्रय केंद्र में 70 कैनल का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें बीमार और दुर्घटनाग्रस्त 60 श्वानों की देखभाल की जाएगी। इसके साथ ही डे-केयर सुविधा के तहत 10 श्वानों को एनजीओ के सहयोग से सुरक्षा और देखभाल हेतु रखा जाएगा। पालतू श्वानों के लिए विशेष सुविधा प्रदान की जाएगी, ताकि उनके मालिक जरूरत पड़ने पर कुछ दिनों के लिए उन्हें केंद्र में छोड़ सकें।

केंद्र में पशु चिकित्सकों के लिए ऑपरेशन थिएटर और चेंबर रूम जैसी आवश्यक सुविधाएं भी बनाई जा रही हैं। आयुक्त ने सभी कार्यों को शीघ्रता से पूरा करने और सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

इसके अतिरिक्त, आयुक्त ने जोन 8 क्षेत्र की रिक्त शासकीय भूमियों का निरीक्षण कर उन्हें उपयोगी बनाने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।