राज्योत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव ने की समीक्षा

1 से 3 नवंबर तक होगा राज्योत्सव का आयोजन, विकसित छत्तीसगढ़ और भविष्य की विकास दिशा पर आधारित होगी प्रदर्शनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक आयोजित होने वाले छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर आज मंत्रालय महानदी भवन में राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई बैठक में राज्योत्सव के साथ-साथ राज्य अलंकरण समारोह की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय प्रदर्शनी के लिए कार्ययोजना तैयार कर 22 अक्टूबर तक विभागवार तैयारियों और प्रदर्शनी से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने को कहा।

बैठक में मुख्य सचिव ने राज्योत्सव को केंद्रीय थीम पर आधारित स्वरूप में आयोजित करने पर जोर दिया। उन्होंने प्रदर्शनी और आयोजन की विषयवस्तु में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मानव पूंजी विकास, विकसित भारत और अंजोर छत्तीसगढ़ जैसे विषयों को प्रमुखता देने के साथ प्रदेश के भविष्य, विकास और संभावनाओं को भी प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।

40 राज्य स्तरीय अलंकरण और पुरस्कार होंगे प्रदान

राज्योत्सव के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए 40 राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। बैठक में पुरस्कारों के चयन की प्रक्रिया को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पूरा करने के निर्देश दिए गए।

राज्य स्तर पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह के लिए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर (मेला ग्राउंड), ग्राम तूता, नवा रायपुर अटल नगर को प्रस्तावित किया गया है। आयोजन की तैयारियों के समन्वय के लिए संस्कृति विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है।

विभागों को सौंपी गई अलग-अलग जिम्मेदारियां

राज्योत्सव के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों को उनकी जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। सीएसआईडीसी, एनआरडीए और लोक निर्माण विभाग को मेला स्थल का ले-आउट तैयार करने, स्टॉल आवंटन, विकास प्रदर्शनी की व्यवस्था, मुख्य मंच, डोम, पंडाल, बैठक व्यवस्था और बैरिकेडिंग से संबंधित कार्य सौंपे गए हैं।

जनसंपर्क विभाग एवं चिप्स आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ हाईटेक मीडिया सेंटर की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। वहीं नगर निगम रायपुर एवं एनआरडीए द्वारा नागरिक सुविधाओं, सिटी बस सेवा, पेयजल और स्वच्छता की व्यवस्थाएं की जाएंगी।

जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग को सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग और अग्निशमन व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है। स्वास्थ्य एवं ऊर्जा विभाग आयोजन स्थल पर चिकित्सा सुविधाएं, एंबुलेंस तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करेंगे।

वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा

समीक्षा बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, पंचायत एवं गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चम्पावत, सहकारिता विभाग के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव बसवराजु एस., सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव अंकित आनंद, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, आदिम जाति विकास विभाग के सचिव भूवनेश यादव, श्रम विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता, ग्रामोद्योग विभाग के सचिव राजेश सिंह राणा, ऊर्जा विभाग के सचिव सारांश मित्तर सहित रायपुर जिले के कमिश्नर, कलेक्टर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।