यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव में शामिल होंगे मुख्यमंत्री साय

रायपुर, 28 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 29 सितंबर को सुबह 11 बजे इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर में आयोजित तीन दिवसीय ‘यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव-2026’ में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री प्रदेशभर से पहुंचे युवा नवोन्मेषी विद्यार्थियों और स्टार्टअप उद्यमियों से संवाद करेंगे तथा उनके नवाचारों और उद्यमशील प्रयासों की जानकारी लेंगे।

कॉन्क्लेव में युवाओं की रचनात्मक क्षमता, नवाचार और स्टार्टअप गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे स्टार्टअप्स अपने नवीन उत्पादों, तकनीकों और नवाचारों का प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके माध्यम से युवाओं को अपने विचारों को व्यावहारिक रूप देने और उन्हें उद्यम के रूप में विकसित करने के लिए मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।

बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर का करेंगे अवलोकन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कॉन्क्लेव के दौरान इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में नवनिर्मित सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर का भी अवलोकन करेंगे।

यह केंद्र नवाचारकर्ताओं और स्टार्टअप्स को आवश्यक तकनीकी संसाधन, विशेषज्ञ सहयोग और इन्क्यूबेशन से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। इसके माध्यम से युवाओं को अपने तकनीकी विचारों और नवाचारों को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक सहयोग देने पर जोर दिया जा रहा है।

नवाचार से रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा

यूथ कॉन्क्लेव का प्रमुख उद्देश्य युवाओं को नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से रोजगार सृजन तथा स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है। आयोजन में युवाओं को नए विचार विकसित करने, उन्हें बाजार की जरूरतों के अनुरूप उत्पादों एवं सेवाओं में बदलने तथा स्टार्टअप के रूप में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

इसके साथ ही प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में उभर रहे स्थानीय नवाचारों को व्यापक स्टार्टअप इकोसिस्टम से जोड़ने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बस्तर, सरगुजा सहित राज्य के विभिन्न अंचलों से सामने आ रही प्रतिभाओं और नवाचारों को उचित मंच, तकनीकी सहयोग और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जा रही है।

‘विचार से नवाचार और नवाचार से उद्यमिता’ पर जोर

कॉन्क्लेव के माध्यम से युवाओं को ‘विचार से नवाचार और नवाचार से उद्यमिता’ की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। आयोजन में युवा प्रतिभाओं, नवाचारकर्ताओं, स्टार्टअप्स और उद्यमिता से जुड़े संस्थानों के बीच संवाद एवं सहयोग को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

तीन दिवसीय यह आयोजन प्रदेश के युवाओं को अपने नए विचारों और तकनीकी क्षमताओं को प्रदर्शित करने के साथ उन्हें व्यावसायिक अवसरों से जोड़ने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध करा रहा है।