मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष 2025 के शासकीय कैलेंडर का विमोचन किया। इस कैलेंडर के कवर पेज पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की तस्वीर के साथ ‘सुशासन से समृद्धि की ओर’ का मूलमंत्र दिखाया गया है। यह कैलेंडर राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़वासियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को प्रदर्शित करता है। इस अवसर पर कृषि मंत्री राम विचार नेताम, लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज और मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘सुशासन से समृद्धि’ का मूलमंत्र राज्य सरकार की प्राथमिकताओं और उपलब्धियों का प्रतीक है। इसमें छत्तीसगढ़ की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाहित किया गया है, जो राज्य को समृद्धि और विकास के नए आयाम तक ले जाएंगे। उन्होंने मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देते हुए इसे प्रदेश की समृद्धि और खुशहाली के स्वर्णिम वर्ष के रूप में देखा।
कैलेंडर में क्यूआर कोड के नए फीचर्स
रजत जयंती वर्ष 2025 के कैलेंडर में कुछ नए फीचर्स जोड़े गए हैं, जिससे यह और भी आकर्षक बन गया है। हर महीने के पेज में एक क्यूआर कोड है, जिसमें उस महीने के विशेष अवसरों पर आधारित मुख्यमंत्री के वीडियो संदेश को सुना जा सकता है। इसके अलावा, कैलेंडर में राज्य सरकार की उपलब्धियों की जानकारी और संदेश भी प्रदान किए जाएंगे। प्रत्येक पेज पर छत्तीसगढ़ से जुड़े प्रमुख तथ्यों को भी दर्शाया गया है।
कैलेंडर में हर महीने की योजनाओं की झलक
- जनवरी: रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत अयोध्या और काशी की निःशुल्क यात्रा पर गए श्रद्धालुओं की तस्वीर।
- फरवरी: राजिम कुंभ कल्प के वैभव की तस्वीर।
- मार्च: महतारी वंदन योजना के माध्यम से 70 लाख माताओं-बहनों के जीवन में आए बदलाव की तस्वीर।
- अप्रैल: वनांचल क्षेत्र में तेंदूपत्ता संग्रहण से हुए सुधार को दर्शाती तस्वीर।
- मई: वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना के माध्यम से श्रमिकों को 5 रुपये में भोजन उपलब्ध कराए जाने की तस्वीर।
- जून: राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत 18 स्थानीय भाषाओं में शिक्षा प्रदान करने की पहल को प्रदर्शित करते हुए स्कूली बच्चों की तस्वीर।
- जुलाई: कृषक उन्नति योजना के माध्यम से किसानों की खुशहाली की तस्वीर।
- अगस्त: महिला सुरक्षाकर्मियों के साथ मुख्यमंत्री की तस्वीर, जो देश की सुरक्षा में तैनात हैं।
- सितंबर: प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के घरों का सपना पूरा करते हुए तस्वीर।
- अक्टूबर: बस्तर ओलंपिक की तस्वीर, जिसमें युवा तीरंदाजी का अभ्यास कर रहे हैं।
- नवंबर: धान खरीदी महापर्व की तस्वीर।
- दिसंबर: नियद नेल्ला नार योजना के माध्यम से आदिवासी बहुल क्षेत्रों में विकास और शांति स्थापना की तस्वीर।
यह कैलेंडर राज्य के समृद्धि और विकास की दिशा में किए गए महत्वपूर्ण प्रयासों का प्रतीक बनेगा।