‘हनुमान अंश’ देखकर मुख्यमंत्री साय ने किया टैक्स फ्री का ऐलान

‘हनुमान अंश’ देखकर मुख्यमंत्री साय ने किया टैक्स फ्री का ऐलान, बोले- संत परंपरा और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाएगी फिल्म

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के जोरा स्थित मॉल के सिनेमाघर में सपरिवार फिल्म ‘हनुमान अंश’ का प्रदर्शन देखा। इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी अपने परिवार के साथ मौजूद रहे। मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ विभिन्न निगम-मंडल और आयोगों के अध्यक्षों ने भी फिल्म का आनंद लिया।

फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और संतों के जीवन एवं संदेश को समाज तक पहुंचाने वाली फिल्मों को प्रोत्साहन मिलना चाहिए। ऐसी फिल्मों के माध्यम से विशेष रूप से युवा पीढ़ी देश की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत और जीवन मूल्यों से परिचित हो सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संत परंपरा सदियों से समाज को सत्य, सेवा, प्रेम, करुणा और मानव कल्याण का मार्ग दिखाती रही है। संतों ने अपने जीवन के माध्यम से लोगों को परोपकार, सद्भाव और मानवता की भावना अपनाने की प्रेरणा दी। नीम करौली बाबा का जीवन भी इसी परंपरा का एक प्रभावशाली उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि नीम करौली बाबा ने सरल जीवन और सहज व्यवहार के माध्यम से प्रेम, भक्ति और सेवा का संदेश दिया। उनके विचारों में मानवता और प्रत्येक व्यक्ति के प्रति समान दृष्टिकोण को विशेष महत्व मिला। उनका संदेश आज भी समाज के लिए प्रासंगिक है और लोगों को सकारात्मक सोच तथा लोकसेवा की दिशा में प्रेरित करता है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक, कलाकारों और पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि सिनेमा सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं है। यह समाज में विचार, संस्कार और सकारात्मक संदेश पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी है। भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत पर केंद्रित फिल्मों से युवा पीढ़ी को अपनी परंपराओं, जड़ों और मानवीय मूल्यों को समझने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि भारत की वास्तविक ताकत उसकी हजारों वर्षों से चली आ रही सांस्कृतिक परंपराओं और जीवन दर्शन में है। सेवा, करुणा, प्रेम, सद्भाव और मानव कल्याण जैसे मूल्यों को आगे बढ़ाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्में इन मूल्यों को सरल और प्रभावशाली तरीके से लोगों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं।

गौरतलब है कि ‘हनुमान अंश’ फिल्म नीम करौली बाबा के जीवन, उनकी आध्यात्मिक यात्रा तथा सेवा और भक्ति के संदेश पर आधारित है। फिल्म के माध्यम से उनके जीवन से जुड़े मानवीय और आध्यात्मिक पहलुओं को दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया गया है।

इस अवसर पर मंत्रिपरिषद के सदस्यों, विभिन्न निगम-मंडल एवं आयोगों के अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।