महाराष्ट्र: नागपुर-रायपुर हाईवे पर भीषण हादसा, ट्रक और कार की टक्कर में 3 बच्चों समेत 8 की मौत

भंडारा (महाराष्ट्र): महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे (NH-53) पर लाखनी तहसील के पिंपलगांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक और SUV कार के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में 3 बच्चों समेत 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

छत्तीसगढ़ से नागपुर जा रहे थे लोग प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग छत्तीसगढ़ के रायपुर से नागपुर की ओर जा रहे थे। सुबह करीब 4 बजे पिंपलगांव के पास उनकी गाड़ी ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर ट्रक में फंस गई।

JCB की मदद से निकाले गए शव घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचे। कार में फंसे शवों और घायलों को निकालने के लिए दो JCB मशीनों का सहारा लेना पड़ा। हादसे के बाद भंडारा पुलिस अधीक्षक नूरुल हसन ने भी घटना स्थल का दौरा किया।

घायलों का इलाज जारी हादसे में घायल हुए 3 लोगों को इलाज के लिए सकोली सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।