छत्तीसगढ़ भाजपा ने नगरीय निकाय चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी किया, 20 बड़े वादे किए

छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी ने नगरीय निकाय चुनाव के मद्देनज़र अपना घोषणा पत्र “अटल विश्वास पत्र” जारी किया है, जिसमें पार्टी ने 20 बड़े वादे किए हैं। इन वादों में प्रॉपर्टी टैक्स में छूट, महिलाओं को संपत्ति टैक्स में राहत, और UPSC मेंस परीक्षा पास करने पर 1 लाख रुपए देने का प्रस्ताव शामिल है।

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमर अग्रवाल ने कहा कि, “भा.ज.पा. के महापौर बनने पर पहले काम के रूप में जिनके पास पट्टा है, और जो समेकित कर और बिजली बिल भुगतान कर रहे हैं, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाने के लिए राशि दी जाएगी।”

भा.ज.पा. के प्रमुख वादे:

  1. नजूल भूमि और सभी पट्टा धारकों को भूमि स्वामी बनाया जाएगा।
  2. 3 लाख पीएम आवास योजना को पूरा किया जाएगा। बिजली बिल और समेकित कर देने वालों को आवास बनाने की पात्रता दी जाएगी।
  3. महिलाओं के नाम पर दर्ज संपत्तियों पर प्रॉपर्टी टैक्स में 25% की छूट दी जाएगी। और हर महीने 7 तारीख से पहले संपत्ति टैक्स जमा करने वालों को 10% की छूट मिलेगी।
  4. महापौर सम्मान निधि की स्थापना की जाएगी, जिससे UPSC मेंस पास करने वालों को 1 लाख रुपए दिए जाएंगे।
  5. हर नगरीय निकाय के व्यवसायिक केंद्र में बिजली, सड़क, शौचालय, और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं दी जाएंगी।
  6. बाजारों में महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट की सुविधा का विस्तार होगा।
  7. छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल और कॉलेजों में मुफ्त वाई-फाई की सुविधा प्रदान की जाएगी।
  8. स्ट्रीट वेंडर्स को पीएम सम्मान निधि से 30 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी, और स्मार्ट वेंडिंग जोन, फूड स्ट्रीट की स्थापना की जाएगी।
  9. समाधान योजना के तहत पुराने संपत्ति टैक्स को बिना जुर्माना या ब्याज के एक मुश्त निपटाया जाएगा।
  10. छात्रों के लिए स्कूल और कॉलेजों में फ्री सैनिटरी पैड की व्यवस्था की जाएगी।
  11. स्व सहायता समूहों के लिए हर नगर निगम में बर्तन बैंक बनाए जाएंगे। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को ढाई लाख रुपए तक का ऋण और फ्री ट्रेनिंग दी जाएगी।
  12. यूजर चार्ज को युक्तिकरण कर कम किया जाएगा।
  13. हर घर में कचरा बाल्टी दी जाएगी और रात में भी सफाई की जाएगी, साथ ही स्मार्ट वेस्ट मॉनिटरिंग सिस्टम लागू किया जाएगा।
  14. माय सिटी मोबाइल ऐप लॉन्च किया जाएगा, जिसमें नगर निगम की सीमाएं ऑनलाइन दिखाई जाएंगी। हर जोन में एक सेवा केंद्र बनाया जाएगा।
  15. नल-जल व्यवस्था को बेहतर किया जाएगा और पानी टंकियां बनाई जाएंगी।
  16. सिकल सेल एनीमिया मुक्त प्रदेश के लिए नगर निगम क्षेत्र में स्क्रीनिंग केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
  17. हर तालाबों को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से जोड़ा जाएगा, ताकि तालाब स्वच्छ रहें।
  18. हर नगर निगम क्षेत्र में गोकुल नगर बनाए जाएंगे, ताकि गोवंश संरक्षण और देखभाल हो सके।
  19. कार और दो पहिया वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।
  20. सभी नगर निगम इलाकों में नालंदा परिसर की तरह सार्वजनिक स्टडी सेंटर शुरू किए जाएंगे और पुस्तकालयों में सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

इस घोषणा पत्र के माध्यम से भाजपा ने छत्तीसगढ़ की नगरीय सुविधाओं को सुधारने और नागरिकों को बेहतर जीवन सुविधाएं देने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की है।