दिल्ली में BJP की ऐतिहासिक जीत के बाद हरियाणा और पंजाब में जश्न का माहौल

दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ऐतिहासिक जीत के बाद, हरियाणा और पंजाब में BJP कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। 27 साल बाद दिल्ली में BJP की सरकार बनने की खुशी में हरियाणा के कई जिलों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जलेबी और पटाखे फोड़कर उत्सव मनाया।

हरियाणा के रेवाड़ी जिले में भाजपा की जिला अध्यक्ष वंदना पोपली ने थाली में जलेबियां भरकर कार्यकर्ताओं में बांटी। वहीं, लुधियाना और जालंधर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने डांस किया और पटाखे फोड़कर खुशी का इज़हार किया।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोशल मीडिया पर एक पुराना वीडियो साझा करते हुए कहा, “मेरी भविष्यवाणी सच हो गई। केजरीवाल ने हरियाणा की मिट्टी का अपमान किया है। जब वो हरियाणा के नहीं हुए तो दिल्ली के कैसे हो सकते हैं?”

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा, “पिछले 11 सालों में दिल्ली के लोग परेशान थे और उन्होंने विधानसभा चुनाव में अपनी नाराजगी को जाहिर किया। केजरीवाल केवल भ्रष्टाचारी नहीं, बल्कि उनके कई काले कारनामे भी हैं। यही हाल उनका होना था।”

वहीं, जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने दिल्ली चुनाव पर टिप्पणी करने से मना कर दिया। उन्होंने कहा, “मुझे दिल्ली के चुनाव के बारे में कुछ नहीं पता, क्योंकि हाल ही में हरियाणा में भाजपा ने जीत की हैट्रिक लगाई थी।”

दिल्ली चुनाव में भाजपा की सक्रियता को लेकर, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी समेत कई भाजपा नेताओं ने प्रचार किया था। जब अरविंद केजरीवाल ने BJP पर यमुना में जहर मिलाने का आरोप लगाया, तो नायब सैनी ने मोर्चा संभालते हुए न सिर्फ हरियाणा में यमुना का पानी पिया, बल्कि दिल्ली जाकर पानी की गंदगी का सच भी उजागर किया था।

वहीं, पंजाब में दिल्ली चुनाव के परिणामों को लेकर मायूसी का माहौल है। पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार बनने के बाद, उन्हें उम्मीद थी कि दिल्ली में भी चौथी बार AAP की सरकार बनेगी।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दिल्ली चुनाव प्रचार में भाग लिया था। उन्होंने 28 जनवरी से 3 फरवरी तक दिल्ली में लगभग 40 जगहों पर प्रचार किया, जिनमें सीएम आतिशी की कालकाजी सीट और पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की जंगपुरा सीट भी शामिल थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed