छत्तीसगढ़ में नए मंत्रियों की घोषणा अब कभी भी संभव, नाम तय—केवल ऐलान बाकी

छत्तीसगढ़ सरकार में नए मंत्रियों की घोषणा अब कभी भी हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक नाम लगभग तय कर लिए गए हैं, सिर्फ औपचारिक ऐलान बाकी है। इससे पहले विधानसभा चुनाव और फिर लोकसभा चुनाव की तैयारियों के चलते यह प्रक्रिया टलती रही, लेकिन अब नए मंत्रियों को साय कैबिनेट में शामिल करने का रास्ता साफ नजर आ रहा है।

भाजपा के संगठन मंत्री शिवप्रकाश सोमवार रात तक रायपुर पहुंचेंगे। वहीं, प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन भी 8 अप्रैल को रायपुर आने वाले हैं। दोनों ही नेता पार्टी की आंतरिक बैठकें लेंगे। माना जा रहा है कि इन बैठकों के बाद मंत्री पद के नामों की आधिकारिक घोषणा हो सकती है।

हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक केवल यह कहा गया है कि दोनों नेता भाजपा स्थापना दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे हैं। लेकिन पार्टी सूत्रों का कहना है कि संगठन और सरकार के बीच अंतिम दौर की बातचीत होने वाली है। इसके बाद ही नए मंत्रियों की सूची सार्वजनिक की जाएगी। ऐसी चर्चा है कि इसी महीने राजभवन में नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह भी हो सकता है। हालांकि जब मीडिया ने इस बारे में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से बार-बार सवाल किया, तो उन्होंने सिर्फ इतना कहा— “थोड़ा इंतज़ार करिए।”

साय कैबिनेट में इस वक्त 11 मंत्री

साय कैबिनेट का गठन मुख्यमंत्री सहित कुल 12 मंत्रियों के साथ हुआ था, जबकि प्रदेश में अधिकतम 13 मंत्री रखे जा सकते हैं। शुरुआत से ही एक पद खाली था। लोकसभा चुनाव के लिए बृजमोहन अग्रवाल ने इस्तीफा दिया, जिससे अब कैबिनेट में कुल 11 मंत्री शेष रह गए हैं। यानी दो पद अभी भी खाली हैं।

सरगुजा संभाग से सर्वाधिक मंत्री, रायपुर-बस्तर को मिल सकता है मौका

साय कैबिनेट में फिलहाल सबसे अधिक मंत्री सरगुजा संभाग से हैं। वहीं रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग से केवल एक-एक मंत्री हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि रायपुर से किसी विधायक को मंत्री बनाया जा सकता है। बस्तर से केदार कश्यप अकेले मंत्री हैं, इसलिए यहां से प्रतिनिधित्व बढ़ाने की भी चर्चा चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed