भारत-पाक तनाव के बीच जोधपुर में एयर स्ट्राइक का खतरा टला, कई जिलों में हाई अलर्ट

भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। जोधपुर में एयर स्ट्राइक का खतरा टल गया है, लेकिन बीकानेर में रेड अलर्ट जारी है और श्रीगंगानगर, जैसलमेर और बाड़मेर जैसे इलाकों में सैन्य गतिविधियां तेज हो गई हैं। कई जगहों पर ड्रोन और मिसाइलनुमा मलबा मिलने की खबरें सामने आई हैं।

धमाकों की आवाज और लाइट कटने से दहशत

श्रीगंगानगर में कई बार तेज धमाकों की आवाज सुनी गई। साथ ही बिजली काट दी गई, जिससे लोगों में और ज्यादा दहशत फैल गई है। जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर और श्रीगंगानगर के बाजार बंद करवा दिए गए हैं। पुलिस ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में गश्त तेज कर दी है और सायरन बजाकर सड़कों को खाली कराया जा रहा है।

रक्षा मंत्रालय ने पाकिस्तान के दावे को बताया गलत

भारत सरकार के विदेश और रक्षा मंत्रालय ने प्रेस ब्रीफिंग में स्पष्ट किया कि राजस्थान के सूरतगढ़ एयरफोर्स स्टेशन को नुकसान पहुंचाने के पाकिस्तान के दावे झूठे हैं। एयरफोर्स स्टेशन की सामान्य स्थिति की तस्वीरें जारी की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने बुलाई सर्वदलीय बैठक

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय में सर्वदलीय बैठक की। बैठक में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता मौजूद रहे। उन्हें सरकार की ओर से उठाए गए कदमों की जानकारी दी गई।

हनुमानगढ़ में शिक्षण संस्थान बंद

तनाव को देखते हुए हनुमानगढ़ जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए 11 मई से सभी स्कूल और कोचिंग संस्थानों को आगामी आदेश तक बंद करने का आदेश जारी किया है। आदेश कलेक्टर कानाराम द्वारा जारी किया गया है।

You may have missed