फ्लाइट में खतरे की घंटी! 5 दिन में 6 विमान प्रभावित, एयर इंडिया की लंदन फ्लाइट टेकऑफ से पहले रद्द

अहमदाबाद। अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रैश के बाद अब एयर इंडिया की अहमदाबाद-लंदन फ्लाइट (AI-159) को सोमवार दोपहर उड़ान भरने से पहले ही रद्द करना पड़ा। फ्लाइट दोपहर 1:10 बजे रवाना होने वाली थी, लेकिन टेकऑफ से कुछ घंटे पहले इसमें तकनीकी खराबी सामने आई।
यात्रियों में नाराजगी:
करीब 250 यात्री फ्लाइट रद्द होने से परेशान हो गए। एक यात्री ने कहा, “इतनी बड़ी संख्या में लोग यहां आ चुके हैं, लेकिन फ्लाइट रद्द करने की जानकारी हमें आखिरी वक्त में दी जा रही है। ठहरने और खाने की कोई व्यवस्था नहीं है।” एयरलाइंस ने फ्लाइट को अगले दिन के लिए रीशेड्यूल करने की बात कही है।
3 दिन में 6 फ्लाइट्स पर आफत: तकनीकी खराबी, बम की धमकी और AC फेल!
पिछले कुछ दिनों में भारतीय और विदेशी फ्लाइट्स पर जैसे मुसीबतों की बाढ़ सी आ गई है:
17 जून – एयर इंडिया और इंडिगो की दो फ्लाइट्स प्रभावित
-
AI180 (सैन फ्रांसिस्को–मुंबई):
टेक्निकल फॉल्ट के चलते कोलकाता में यात्रियों को रात भर विमान में बैठाया गया, फिर सुबह 5:20 बजे फ्लाइट खाली कराई गई। -
इंडिगो (मस्कट–दिल्ली):
बम की धमकी के चलते नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई। सर्च ऑपरेशन में कुछ संदिग्ध नहीं मिला।
16 जून – एयर इंडिया की दो फ्लाइट्स को लौटना पड़ा
-
AI315 (हॉन्गकॉन्ग–दिल्ली):
तकनीकी खराबी के चलते उड़ान अधूरी रही, फ्लाइट वापस लौटी। -
दिल्ली–रांची (Air India Express):
टेकऑफ के तुरंत बाद वापस दिल्ली लौटनी पड़ी, बोइंग 737 मैक्स 8 विमान में दिक्कत आई।
15 जून – ब्रिटिश एयरवेज और लुफ्थांसा को भी झटका
-
ब्रिटिश एयरवेज (चेन्नई):
तकनीकी गड़बड़ी के कारण फ्लाइट को मिड-एयर से लौटाया गया। -
लुफ्थांसा (जर्मनी):
बम की धमकी के कारण भारत में लैंडिंग की इजाज़त नहीं मिली, विमान को वापस भेजा गया।
5 घंटे तक AC नहीं चला, 150 यात्री बेहाल
13 जून की शाम दुबई से जयपुर आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-196 तकनीकी खराबी से जूझती रही। 150 से ज्यादा पैसेंजर्स को विमान में 5 घंटे बिना AC के रखा गया। उन्हें पानी तक नहीं दिया गया। वीडियो वायरल होने के बाद एयरलाइंस सवालों के घेरे में है।