भारत T20 वर्ल्ड कप फाइनल में, इंग्लैंड को 7 रन से हराया

मुंबई | खेल डेस्क

आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मैच में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 253 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से संजू सैमसन ने शानदार 89 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल थे। इसके अलावा ईशान किशन ने 39, शिवम दुबे ने 43 और हार्दिक पांड्या ने 27 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूत किया।

254 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम ने भी कड़ी टक्कर दी। इंग्लैंड के जेकब बेथेल ने 105 रन की शानदार पारी खेलकर मैच को आखिरी ओवर तक पहुंचा दिया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा और टीम को 246 रन पर रोक दिया

भारत की ओर से हार्दिक पांड्या ने 2 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई, जबकि जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और अर्शदीप सिंह ने भी महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए।

इस जीत के साथ भारत चौथी बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गया है। अब भारतीय टीम की नजर खिताब जीतकर एक और विश्व कप अपने नाम करने पर होगी।

You may have missed