आंगन मिलन सेवा से उत्सव स्थल बने आंगनबाड़ी केंद्र: पहले दिन 97 हजार से अधिक लोगों ने ली सहभागिता

रायपुर:
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में शुरू हुई ‘आंगन मिलन सेवा’ के पहले ही दिन प्रदेशभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। अभियान के पहले दिन राज्यभर में 2,262 स्थानों पर 12,698 गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें 97,471 लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय भी मुंगेली जिले के मदकू में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए और माताओं एवं बच्चों को पोषण का संदेश दिया।
सुपोषित थाली के माध्यम से पोषण पर संवाद
आंगनबाड़ी केंद्रों में गर्भवती माताओं का आत्मीय स्वागत किया गया। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों, दालों और हरी सब्जियों की ‘सुपोषित थाली’ प्रदर्शित कर परिवारों को संतुलित भोजन के महत्व से अवगत कराया गया। महिलाओं को बताया गया कि रोजमर्रा के खानपान में विविधता लाकर माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य को कैसे बेहतर बनाया जा सकता है।
अभिभावकों ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम में बच्चों के अभिभावकों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया तथा पोषण व मातृ स्वास्थ्य से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की लाभार्थी महिलाओं ने बताया कि इन योजनाओं से मिलने वाली आर्थिक सहायता से वे अपने और परिवार की पोषण संबंधी जरूरतों को आसानी से पूरा कर पा रही हैं।
‘आंगन मिलन सेवा’ का मुख्य उद्देश्य समाज और समुदाय को आंगनबाड़ी केंद्रों से जोड़कर बच्चों के पोषण व स्वास्थ्य को एक साझा जिम्मेदारी बनाना है।

