भिलाई में रेलवे अंडर ब्रिज में तेल से भरा टैंकर पलटा, रिसाव पर काबू पाया गया

मंगलवार देर रात भिलाई के सुपेला स्थित रेलवे अंडर ब्रिज में एक ऑयल से भरा टैंकर पलट गया, जिससे वहां गैस बनने लगी। सूचना मिलते ही दुर्ग से फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और फोम का स्प्रे करके गैस को नियंत्रित किया। इसके बाद अंडर ब्रिज के उस रास्ते को बंद कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, टैंकर CG04 JD 3956 मंगलवार रात 12.15 बजे सुपेला से सेक्टर की ओर जा रहा था, और अचानक अंडर ब्रिज के बीचो-बीच पलट गया। टैंकर में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील ऑयल भरा हुआ था। पुलिस की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर ब्रिज से आवागमन को तुरंत बंद कर दिया और अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं को सूचित किया। दमकल की टीम ने पहले टैंकर को पानी से ठंडा किया और फिर फोम का स्प्रे किया, जिससे तेल के रिसाव को कम किया जा सका। अग्निशमन विभाग ने कहा कि अगर तेल के रिसाव को नहीं रोका जाता तो एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।

टैंकर के तेज रफ्तार में होने की जानकारी मिली है। लोगों का कहना है कि टैंकर जब घड़ी चौक के पास टर्न ले रहा था, तो उसकी गति कम नहीं हुई, जिससे ड्राइवर ने अपना संतुलन खो दिया और टैंकर ब्रिज के अंदर पलट गया। हालांकि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया।

टैंकर हटाने का कार्य जारी है। रात को तेल का रिसाव रोक दिया गया था, और उस साइड की लेन को बेरिकेड्स लगाकर बंद कर दिया गया है। फिलहाल अंडर ब्रिज से एक साइड से गाड़ियों का आवागमन जारी है। पुलिस और निगम के अधिकारी मिलकर टैंकर को ब्रिज के अंदर से हटाने का कार्य कर रहे हैं।