T20 World Cup 2022: सिराज, शमी या दीपक, बुमराह की जगह किसे मिलेगा मौका ?

T20 World Cup 2022: इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच खेली गई T20 सीरीज के बाद अब टीम इंडिया T20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए ऑस्ट्रेलिया रवाना होने के लिए तैयार है। वर्ल्ड कप से पहले भारत की बैटिंग लाइनअप तो लगभग तय है लेकिन बॉलिंग को लेकर अभी भी संशय की स्थिति बनीं हुई है क्योंकि टीम के टॉप गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) चोटिल होने के कारण बाहर हो चुके हैं और उनके रिप्लेस्मेंट का अभी तक ऐलान नहीं किया गया है।
टीम इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए तीसरे T20 मैच में मिली करारी हार के बाद रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने प्रेस कांफेंस की। इसमें उन्होंने कहा कि बुमराह का न होना हमारे लिए बहुत बड़ा नुकसान है। उन्होंने आगे कहा कि बहुत सारे खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया में नहीं खेले हैं, इसलिए हम वहां पहले जा रहे हैं। वहां हम पर्थ में बाउंसी पिचों पर खेलेंगे और फिर देखेंगे कि हम क्या कर सकते हैं।
उन्होंने आगे के प्लान के बारे बताते हुए कहा कि 15 में 7-8 खिलाड़ी ही ऑस्ट्रेलियां में पहले खेल चुके हैं। इसलिए हम वहां कुछ अभ्यास मैच खेलेंगे। बुमराह बड़ा झटका है लेकिन हमारे पास कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं जो उनकी जगह ले सकते हैं। हम ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद इसपर फैसला लेंगे।
जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) की जगह टीम में शामिल होने वाले खिलाड़ियों की रेस में दीपक चाहर (Deepak Chahar), मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) और मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) का नाम शामिल है। इनमें से शमी सबसे ज्यादा अमुभवी खिलाड़ी है हालांकि वे कोविड से उबर रहे हैं और फिटनेस टेस्ट के बाद ही उन पर निर्णय लिया जा सकेगा। वहीं मोहम्मद सिराज ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट में अच्छी गेंदबाजी कर चुके हैं और दीपक चाहर गेंदबाज़ी के साथ साथ बल्लेबाज़ी का भी एक विकल्प हैं।