छत्तीसगढ़ में दिसंबर के पहले सप्ताह में लग सकती है आचार संहिता: बीरगांव, भिलाई समेत 4 नगर निगमों में चुनाव की तैयारी तेज, 30 नवंबर को आएगी अंतिम मतदाता सूची
2 या 3 दिसंबर को चुनाव कार्यक्रम का हो सकता है ऐलान, दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मतदान की संभावना; बिरगांव नगर निगम के सभी 40 वार्डों में लागू होगी आचार संहिता
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग जल्द ही चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है। संभावित कार्यक्रम के अनुसार, दिसंबर के पहले सप्ताह में आदर्श आचार संहिता लागू हो सकती है। राज्य निर्वाचन आयोग के पदाधिकारियों के अनुसार, 2 या 3 दिसंबर को चुनाव की तारीखों का ऐलान होने की संभावना जताई जा रही है।
चुनाव की तैयारियों के बीच 30 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद आयोग चुनाव कार्यक्रम जारी कर सकता है। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मतदान कराए जाने की संभावना है। हालांकि, अंतिम निर्णय राज्य निर्वाचन आयोग की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।
बिरगांव समेत चार नगर निगमों में होंगे चुनाव
इस बार प्रदेश के चार नगर निगमों बिरगांव, भिलाई, भिलाई-चरोदा और रिसाली में चुनाव होने हैं। इसके अलावा अन्य नगरीय निकायों में भी मतदान कराया जाएगा। राजनीतिक दलों ने उम्मीदवारों के चयन, वार्ड स्तर पर रणनीति और चुनावी समीकरण बनाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
नगरीय निकाय और पंचायतों में 1231 पदों पर चुनाव
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, नगरीय निकायों के आम निर्वाचन और उपचुनाव को मिलाकर कुल 417 पदों के लिए मतदान होगा। इनमें चार नगर निगमों में महापौर के 4, अध्यक्ष के 13 और पार्षद के 400 पद शामिल हैं। इसके अलावा उपचुनाव में अध्यक्ष के एक और पार्षद के 6 पदों पर चुनाव होगा।
वहीं, त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कुल 814 पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। इनमें जनपद पंचायत सदस्य का एक, सरपंच के 92 और पंच के 721 पद शामिल हैं। इस तरह नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव मिलाकर कुल 1231 पदों पर जनप्रतिनिधियों का चयन होगा।
बिरगांव नगर निगम के 40 वार्डों में लागू होगी आचार संहिता
बिरगांव नगर पालिक निगम का क्षेत्रफल 36.85 वर्ग किलोमीटर है। वर्ष 2014 में गठित इस निगम में कुल 40 वार्ड और छह मूल राजस्व ग्राम शामिल हैं। चुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ ही नगर निगम क्षेत्र के सभी 40 वार्डों में आदर्श आचार संहिता लागू होगी।
उरला, बोरझरा, अछोली, रांवांभाठा, उरकुरा, बीरगांव और सरोरा के निगम क्षेत्र में आने वाले हिस्से इसके दायरे में रहेंगे। हालांकि, आचार संहिता का प्रभाव अपने आप पूरे रायपुर जिले में लागू नहीं होगा। जिले के अन्य नगरीय निकायों और पंचायत क्षेत्रों में चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नियम लागू होंगे।
चुनाव में देरी हुई तो नियुक्त हो सकते हैं प्रशासक
यदि चुनाव कार्यक्रम जारी करने में देरी होती है और संबंधित नगरीय निकायों का कार्यकाल समाप्त हो जाता है, तो वहां प्रशासक नियुक्त करने की स्थिति बन सकती है। इससे पहले वर्ष 2024 में भी नगरीय निकायों का कार्यकाल पूरा होने के बाद प्रशासकों की नियुक्ति की गई थी।
पिछली बार 23 दिनों में पूरी हुई थी चुनावी प्रक्रिया
वर्ष 2021 में नवंबर के अंतिम सप्ताह में चुनाव कार्यक्रम जारी किया गया था और 20 दिसंबर को मतदान कराया गया था। इस दौरान चुनाव अधिसूचना से मतदान तक करीब 23 दिनों का समय मिला था। इसी समय-सीमा को देखते हुए इस बार भी दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मतदान होने की संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल राजनीतिक दलों के साथ प्रशासनिक अमला भी चुनावी तैयारियों में जुटा है। अब सभी की निगाहें 30 नवंबर को मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन और राज्य निर्वाचन आयोग की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं।
