विकास कार्यों में तेजी लाएं, गर्मी से पहले पेयजल व्यवस्था करें दुरुस्त : श्याम बिहारी जायसवाल

मनेंद्रगढ़ में नगरीय निकायों एवं निर्माण विभागों की समीक्षा बैठक, गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन करने के निर्देश

रायपुर, 26 नवंबर 2026। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री तथा मनेन्द्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल की अध्यक्षता में आज मनेंद्रगढ़ कलेक्ट्रेट में जिले के नगरीय निकायों एवं विभिन्न निर्माण विभागों के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पालिक निगम चिरमिरी, नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ सहित झगराखण्ड, खोंगापानी, नई लेदरी एवं जनकपुर निकायों में चल रहे विकास कार्यों, स्वास्थ्य सुविधाओं, अधोसंरचना निर्माण और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को सभी कार्यों में तेजी लाने, निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय-सीमा में परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए।

लंबित एवं अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र शुरू करने के निर्देश

बैठक में मंत्री जायसवाल ने स्वीकृति मिलने के बाद भी शुरू नहीं हुए निर्माण कार्यों पर नाराजगी जताई। उन्होंने जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ), नालंदा परिसर, विधायक निधि, नगरोत्थान योजना, सौंदर्यीकरण, गौरव पथ, सीसी रोड, कम्पोजिट शेड और वेस्ट टू वैल्यू के तहत स्वीकृत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अप्रारंभ कार्यों को तत्काल शुरू किया जाए और प्रगतिरत परियोजनाओं को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप पूरा करने के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार की जाए।

उन्होंने विभागवार प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्माण कार्यों में देरी के कारणों और क्रियान्वयन संबंधी समस्याओं पर भी चर्चा की। मंत्री ने कहा कि विकास परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी कार्य पारदर्शिता, गुणवत्ता और निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुरूप पूरे किए जाएं।

गर्मी से पहले पेयजल आपूर्ति की तैयारियां पूरी करें

आगामी ग्रीष्मकाल में नगरीय क्षेत्रों में पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए मंत्री ने अभी से तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गर्मी के दौरान किसी भी निकाय में पेयजल संकट की स्थिति बनने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। इसके लिए एसईसीएल चिरमिरी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और सभी नगरीय निकायों को आपसी समन्वय से ठोस कार्ययोजना बनाने तथा समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने को कहा।

उन्होंने कहा कि नागरिकों को नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस दिशा में सभी संबंधित विभाग पहले से तैयारी सुनिश्चित करें।

सड़क, नाली और स्वच्छता कार्यों को दें प्राथमिकता

नगरीय निकायों की समीक्षा के दौरान अमृत मिशन, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सड़क एवं नाली निर्माण, जल निकासी और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों की निकायवार जानकारी ली गई। मंत्री ने कहा कि नगरीय विकास का सीधा लाभ आम नागरिकों तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए सड़क, नाली, पेयजल और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। सभी निकाय अपने क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य करें।

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा

बैठक में लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और नगर एवं ग्राम निवेश सहित अन्य विभागों की निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा की गई। मंत्री जायसवाल ने सड़कों, पुल-पुलियों, भवनों, पेयजल संरचनाओं और अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों के निर्माण में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन अनिवार्य रूप से करने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण करने, तकनीकी परीक्षण कराने और कार्यों की निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण की गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी परियोजनाएं तय समय-सीमा में पूरी होनी चाहिए।

स्वास्थ्य संस्थानों में सुविधाएं बढ़ाने पर जोर

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिले के अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं, आवश्यक दवाओं, उपचार व्यवस्था और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित गतिविधियों की जानकारी ली गई। इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

मंत्री ने निर्देश दिए कि आम नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आसानी से मिले। अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक संसाधन और दवाएं उपलब्ध रहें तथा मरीजों को बेहतर उपचार के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और जनसुलभ बनाने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाएं

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें समय पर लाभ उपलब्ध कराया जाए। लंबित आवेदनों और प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करते हुए विभागीय समन्वय के जरिए योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए।

जनहित के कार्यों में जवाबदेही तय करें अधिकारी

मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि शासन की मंशा विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की है। सभी विभागीय अधिकारी पूरी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने आपसी समन्वय से विकास कार्यों को गति देने तथा नियमित समीक्षा और निगरानी के माध्यम से निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।