महासमुंद में योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा, शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश
बैठक में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर रवि साहू सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें अधिकारी
प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे केवल विभागीय कार्यों की प्रगति रिपोर्ट तक सीमित न रहें, बल्कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान को भी प्राथमिकता दें। लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करते हुए उनका संतोषजनक और गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए।
ग्रामीण विकास और जल संरक्षण के कार्यों पर जोर
बैठक में वीबी राम जी के अंतर्गत आजीविका डबरी, बालिका शौचालय, मुक्तिधाम, डीफांक और बोरवेल सहित विभिन्न विकास कार्यों की स्थिति की समीक्षा की गई। प्रभारी सचिव ने इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल संरक्षण और जल संवर्धन से जुड़े कार्यों पर विशेष ध्यान देने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के साधनों को मजबूत करने के लिए योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।
महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ें
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान की समीक्षा के दौरान प्रभारी सचिव ने महिला स्व-सहायता समूहों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने समूहों को बड़े ऋण उपलब्ध कराने और उन्हें स्वरोजगार, उत्पादन तथा आय बढ़ाने वाली गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने के लिए समूहों को प्रोत्साहित किया जाए।
फसल विविधीकरण और जैविक खेती को बढ़ावा देने के निर्देश
कृषि विभाग की समीक्षा में प्रभारी सचिव ने किसानों को धान के स्थान पर दलहन, तिलहन और मिलेट्स की खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा। उन्होंने जैविक खेती और उद्यानिकी फसलों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। कृषि विविधीकरण के माध्यम से किसानों की आमदनी बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए विभागीय योजनाओं का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्य समय पर और गुणवत्तापूर्ण पूरे करें
लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रभारी सचिव ने सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अन्य विभागों की योजनाओं और कार्यों की प्रगति की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
राजस्व प्रकरणों के निराकरण में न हो अनावश्यक देरी
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान सीमांकन सहित विभिन्न राजस्व मामलों के निराकरण की स्थिति पर चर्चा की गई। प्रभारी सचिव ने सभी लंबित प्रकरणों को तय समय-सीमा में निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी कार्यों के लिए आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
जनगणना की तैयारियों और बच्चों के आधार पंजीयन पर निर्देश
आगामी जनगणना की तैयारियों को लेकर प्रभारी सचिव ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा। उन्होंने शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों के आधार कार्ड बनाने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए। जिला अस्पताल के अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों में शिविर लगाकर बच्चों का आधार पंजीयन किया जाए, ताकि कोई भी पात्र बच्चा इस सुविधा से वंचित न रहे।
