डीएमएफ फंड के प्रभावी उपयोग के लिए तीन वर्षीय कार्ययोजना बनाने के निर्देश
स्थानीय जरूरतों के आधार पर बनेगी तीन वर्षीय कार्ययोजना
मुख्य सचिव ने कहा कि डीएमएफ की राशि का उपयोग खनन प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से किया जाना चाहिए। इसके लिए गांवों की आवश्यकताओं, उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, अधोसंरचना और विकास की संभावनाओं का सर्वेक्षण कर तीन साल की कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने राज्य बजट और डीएमएफ से संचालित योजनाओं की मैपिंग करने तथा प्रस्तावित कार्यों में दोहराव रोकने के निर्देश दिए। साथ ही जिलों में ऐसे गांवों की पहचान करने को कहा, जहां बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो चुकी हैं और जहां अब भी विकास कार्यों की आवश्यकता है।
वित्तीय खर्च के साथ जमीनी परिणामों की भी होगी समीक्षा
बैठक में पिछली कार्यवाही रिपोर्ट, एलडब्ल्यूई प्रभावित जिलों में फंड वितरण, खदानों से संबंधित अंतर-जिला राशि वितरण व्यवस्था, वार्षिक ऑडिट, पीएमयू की नियुक्ति और सोशल ऑडिट जैसे विषयों पर चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने वित्तीय वर्ष के अंत में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित कर ग्रामीणों को डीएमएफ से स्वीकृत कार्यों और उन पर हुए व्यय की जानकारी देने को कहा। पेयजल, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल कल्याण, वृद्धजन और दिव्यांगजन कल्याण, कौशल विकास, स्वच्छता, पशुपालन तथा कृषि क्षेत्रों में संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने योजनाओं के वास्तविक लाभ और लोगों के जीवन स्तर में आए बदलाव का आकलन करने पर जोर दिया।
सार्वजनिक परिसंपत्तियों पर लगेंगे क्यूआर कोड
डीएमएफ की गतिविधियों में पारदर्शिता और जनभागीदारी बढ़ाने के लिए सीजी डीएमएफ पोर्टल 2.0 के व्यापक प्रचार-प्रसार की योजना बनाई गई। इसके तहत आंगनबाड़ी केंद्रों, उप स्वास्थ्य केंद्रों, पंचायत भवनों और सामुदायिक भवनों सहित सार्वजनिक परिसंपत्तियों पर क्यूआर कोड लगाए जाएंगे। नागरिक इन कोड को स्कैन कर संबंधित परिसंपत्ति और वहां कराए गए विकास कार्यों की जानकारी पोर्टल के माध्यम से प्राप्त कर सकेंगे।
बैठक में अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, प्रमुख सचिव डॉ. रोहित यादव एवं डॉ. कमलप्रीत सिंह, सचिव खनिज साधन विभाग पी. दयानंद, एस. प्रकाश, मोहम्मद कैसर अब्दुल हक, डॉ. सारांश मित्तर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
