बिलासपुर एयरपोर्ट के विकास के लिए 300 करोड़ देने से सरकार का इनकार, हाईकोर्ट नाराज; पूछा- पुराने वादे से पीछे क्यों हट रही सरकार?
4C श्रेणी में उन्नयन के लिए मांगी गई राशि पर सरकार ने जताई बजट की कमी, हाईकोर्ट ने राज्य सरकार और AAI से मांगा लिखित जवाब
बिलासपुर। बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार और विकास को लेकर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान राज्य सरकार के रुख पर अदालत ने कड़ी नाराजगी जताई है। एयरपोर्ट के विकास के लिए 300 करोड़ रुपये देने से सरकार ने इनकार कर दिया है। सरकार ने इसके पीछे बजट की कमी और एयरपोर्ट पर यात्रियों की कम संख्या का हवाला दिया। इस पर हाईकोर्ट ने सवाल उठाया कि जब सरकार पहले विकास के लिए प्रतिबद्धता जता चुकी है, तो अब अपने पुराने वादे से पीछे कैसे हट सकती है?
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से अदालत को बताया गया कि बिलासपुर एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में विकसित करने के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है। वहीं वर्तमान में यात्रियों की संख्या कम होने और फ्लाइट संचालन में घाटा होने के कारण इतनी बड़ी राशि खर्च करना उचित नहीं है।
सरकार का तर्क है कि एयरपोर्ट के विकास पर निवेश करने से पहले एयरलाइन कंपनियों की ओर से नियमित उड़ान संचालन को लेकर ठोस प्रतिबद्धता मिलना जरूरी है।
सरकार के रुख पर हाईकोर्ट ने उठाए सवाल
राज्य सरकार की दलीलों पर मुख्य न्यायाधीश ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सरकार एयरपोर्ट का विकास नहीं करना चाहती, तो फिर इसे भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) को पूरी तरह क्यों नहीं सौंप दिया जाता?
अदालत ने यह भी टिप्पणी की कि सरकार के मौजूदा रुख से ऐसा प्रतीत होता है, जैसे वह बिलासपुर एयरपोर्ट को बंद करना चाहती है। कोर्ट ने पूछा कि जब पहले एयरपोर्ट के विकास के लिए प्रतिबद्धता जताई गई थी, तो अब उससे पीछे हटने का आधार क्या है?
राज्य सरकार और AAI को लिखित जवाब देने के निर्देश
हाईकोर्ट ने राज्य सरकार के नए रुख को स्वीकार नहीं किया है। अदालत ने राज्य सरकार और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) दोनों को अपना पक्ष स्पष्ट करते हुए लिखित जवाब पेश करने के निर्देश दिए हैं।
अब अगली सुनवाई में दोनों पक्षों के जवाब के आधार पर एयरपोर्ट के विस्तार और भविष्य की योजनाओं को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
4C श्रेणी में उन्नयन से बढ़ेगी हवाई कनेक्टिविटी की उम्मीद
बिलासपुर एयरपोर्ट का विस्तार लंबे समय से क्षेत्र के लोगों की प्रमुख मांग रहा है। एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में विकसित करने से बड़े विमानों के संचालन और हवाई सेवाओं के विस्तार की संभावनाएं बढ़ सकती हैं।
इससे बिलासपुर सहित आसपास के जिलों के यात्रियों को बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है। ऐसे में एयरपोर्ट के विकास को लेकर हाईकोर्ट की सुनवाई और राज्य सरकार तथा AAI के जवाब पर पूरे क्षेत्र की निगाहें टिकी हुई हैं।
