जन्मदिन पर सेवा और आस्था के रंग में नजर आए डिप्टी सीएम अरुण साव, मंदिरों में की पूजा-अर्चना; वृद्धाश्रम और शिशुगृह पहुंचकर बांटी खुशियां
रतनपुर के मां महामाया मंदिर में सपत्नीक लिया आशीर्वाद, बिलासपुर के वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को बांटे गर्म कपड़े और फल; ‘मातृ छाया’ में बच्चों के साथ बिताया समय
रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को धार्मिक आस्था और सामाजिक सेवा के कार्यों के साथ दिन की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर, श्री सिद्धि विनायक मंदिर और भैरो बाबा मंदिर में सपत्नीक पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद वे बिलासपुर पहुंचे, जहां वृद्धाश्रम और शिशुगृह में पहुंचकर जरूरतमंदों के बीच खुशियां साझा कीं।
मां महामाया मंदिर सहित तीन मंदिरों में की पूजा-अर्चना
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने जन्मदिन पर रतनपुर स्थित प्रसिद्ध मां महामाया मंदिर में दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही उन्होंने श्री सिद्धि विनायक मंदिर और भैरो बाबा मंदिर में भी सपत्नीक पहुंचकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों से लिया आशीर्वाद
जन्मदिन के अवसर पर अरुण साव बिलासपुर के कल्याण कुंज वृद्धाश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने वरिष्ठजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनके साथ समय बिताया। इस दौरान बुजुर्गों को गर्म कपड़े और फल वितरित किए। उप मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों का आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

‘मातृ छाया’ शिशुगृह में बच्चों के साथ साझा की खुशियां
इसके बाद उप मुख्यमंत्री कुदुदंड स्थित सेवा भारती द्वारा संचालित ‘मातृ छाया’ शिशुगृह पहुंचे। यहां उन्होंने बच्चों के साथ समय बिताया और उनके बीच खुशियां साझा कीं। साथ ही सेवा कार्यों में सहभागिता कर सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
जन्मदिन के मौके पर धार्मिक दर्शन के साथ वृद्धजनों और बच्चों के बीच समय बिताने की इस पहल को सामाजिक सेवा और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा संदेश माना जा रहा है।
