मिस्र में भीषण हादसा: तेल टैंकर में धमाके के बाद लगी आग, 31 लोगों की मौत; 21 से अधिक घायल
काहिरा के पास हाईवे पर 24 से ज्यादा कारें और बाइक जलकर खाक, कारों में फंसे लोगों का किया गया रेस्क्यू
काहिरा। मिस्र की राजधानी काहिरा के पास बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हाईवे पर तेल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके बाद उसमें जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, हादसे की चपेट में आने से 24 से ज्यादा कारें और बाइक जलकर खाक हो गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास से गुजर रहे वाहन भी इसकी चपेट में आ गए। कई लोग अपनी गाड़ियों में फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और बचाव दल की मदद से बाहर निकाला गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसा काहिरा के उपनगर इम्बाबा के वाराक जिले में हुआ। घटना की सूचना मिलते ही दमकल और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों ने भी घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

39 एम्बुलेंस लगाई गईं, तीन अस्पतालों में भर्ती हैं घायल
हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य के लिए 39 एम्बुलेंस तैनात की गईं। घायलों को ज़ायद स्पेशलाइज्ड, इम्बाबा जनरल और वर्राक सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से आग में जली गाड़ियों का मलबा हटाने का काम भी किया गया।
मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल-फतह अल-सीसी ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
जनवरी में भी सड़क हादसे में गई थी 21 लोगों की जान
मिस्र में सड़क दुर्घटनाएं गंभीर चिंता का विषय बनी हुई हैं। तेज रफ्तार, खराब सड़कें और यातायात नियमों की अनदेखी हादसों की प्रमुख वजह मानी जाती हैं। इसी साल जनवरी में बेनी सुएफ प्रांत के पास कई वाहनों की भीषण टक्कर में 21 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 16 अन्य घायल हुए थे।
