जुआ रेड के दौरान युवक की मौत के मामले में प्रशिक्षु SI निलंबित, बिना वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दिए अकेले पहुंचे थे कार्रवाई करने
48 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तालाब से बरामद हुआ था युवक का शव, SDOP डभरा को सौंपी गई जांच की जिम्मेदारी
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के हसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डोमाडीह में जुआ रेड के दौरान युवक के तालाब में कूदने और बाद में उसका शव मिलने के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयराम साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया गया है।
बिना वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दिए पहुंचे थे रेड करने
जानकारी के अनुसार, ग्राम डोमाडीह में जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस कार्रवाई के दौरान महेशराम केंवट तालाब में कूदकर लापता हो गया था। घटना के बाद पुलिस और बचाव दल द्वारा करीब 48 घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया, जिसके बाद तालाब से युवक का शव बरामद किया गया।
घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशिक्षु थाना प्रभारी जयराम साहू पर मारपीट के आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस विभाग के अनुसार, प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयराम साहू द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को बिना सूचना दिए अकेले जुआ रेड करने पहुंचना गंभीर लापरवाही माना गया है। इसी आधार पर उनके विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई है।
SDOP डभरा करेंगे पूरे मामले की जांच
निलंबन के साथ ही प्रशिक्षु SI को पुलिस लाइन अटैच किया गया है। वहीं, पूरे घटनाक्रम की जांच की जिम्मेदारी SDOP डभरा को सौंपी गई है। जांच अधिकारी पुलिस कार्रवाई, वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने की प्रक्रिया और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल करेंगे।
जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। युवक की मौत के बाद पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को मामले में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
