गुजरात के नन्द घरों का मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया निरीक्षण
बच्चों को बेहतर पोषण, गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात प्रवास के दौरान गांधीनगर यूनिट-2 के ग्राम करई स्थित नन्द घरों (आंगनबाड़ी केंद्रों) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, देखभाल और शिक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने बच्चों के साथ समय बिताया और उनकी गतिविधियों को देखा। उन्होंने नन्द घरों में संचालित सेवाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अपनाई जा रही कार्यप्रणाली को समझा। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के जीवन की शुरुआती अवस्था को मजबूत बनाने के साथ माताओं और परिवारों तक जरूरी सेवाएं पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यहां पोषण, देखभाल और सीखने का बेहतर वातावरण बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास की नींव तैयार करता है।
गुजरात की महिला एवं बाल विकास मंत्री से की मुलाकात
गांधीनगर स्थित सचिवालय में लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात की महिला एवं बाल विकास मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. मनीषा राजीवभाई वकील से सौजन्य मुलाकात की। बैठक में महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं, आंगनबाड़ी सेवाओं और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री राजवाड़े ने गुजरात में संचालित योजनाओं और विभागीय व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के सामरी क्षेत्र की विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, गुजरात महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव राकेश शंकर और छत्तीसगढ़ की विभागीय संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव उपस्थित रहीं।
राज्यों के अनुभवों से बेहतर होंगी आंगनबाड़ी सेवाएं
गुजरात प्रवास के दौरान नन्द घरों में संचालित गतिविधियों और व्यवस्थाओं का अवलोकन छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी सेवाओं को और प्रभावी बनाने की दिशा में उपयोगी साबित हो सकता है। दोनों राज्यों के बीच योजनाओं और कार्यप्रणाली से जुड़े अनुभवों का आदान-प्रदान महिला एवं बाल कल्याण कार्यक्रमों को बेहतर बनाने में मददगार होगा। इसका उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक बच्चे तक पर्याप्त पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और सुरक्षित देखभाल की सुविधाएं पहुंचाना है।
