पर्यटन, रोजगार से बदलेगी नगरी-सिहावा की तस्वीर,विकास कार्यों को मिली गति
धमतरी, 25 नवंबर 2026। धमतरी जिले के नगरी-सिहावा अंचल को पर्यटन के साथ आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए जिला प्रशासन ने प्रयास तेज कर दिए हैं। क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक स्थलों और सांस्कृतिक विरासत को पर्यटन से जोड़ने के साथ किसानों की आय बढ़ाने के लिए मखाना उत्पादन और दुग्ध व्यवसाय को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके जरिए ग्रामीणों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर विकसित करने की योजना है।
इसी कड़ी में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने मंगलवार को नगरी क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न निर्माण कार्यों और प्रस्तावित विकास गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों और पशु सखियों से चर्चा कर योजनाओं को समयसीमा में पूरा करने तथा विकास कार्यों में स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए।
राम वनगमन पथ देवपुर में विकसित होंगी पर्यटक सुविधाएं
कलेक्टर ने राम वनगमन पथ देवपुर में निर्माणाधीन कॉटेज और हॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि नगरी-सिहावा क्षेत्र में धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। पर्यटकों के ठहरने और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विस्तार होने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि परिसर में छह कॉटेज, दो डॉरमेट्री और गार्डन सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। कलेक्टर ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए निर्धारित मापदंडों के अनुरूप काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय युवाओं, छोटे व्यापारियों और ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार के रास्ते खुलेंगे।
गणेश घाट और श्रृंगी ऋषि को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना
क्षेत्र के पर्यटन स्थलों को नई पहचान दिलाने के लिए कलेक्टर ने पंचायत प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों के साथ विकास योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि नगरी-सिहावा के प्राकृतिक और धार्मिक महत्व वाले स्थलों को योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा।
गणेश घाट में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक संरचना का निर्माण कराया जा रहा है। इसके साथ ही इसे आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना है। यहां भव्य घाट, पार्क, रेस्टोरेंट और रिसॉर्ट जैसी सुविधाएं विकसित करने के प्रस्ताव पर काम किया जा रहा है।
श्रृंगी ऋषि पर्वत स्थित मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। यहां आवागमन को सुगम बनाने और पर्यटकों को बेहतर सुविधा देने के लिए सड़कों के चौड़ीकरण की योजना तैयार की गई है। इसके लिए सर्वे का काम लगभग पूरा हो चुका है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आगे की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास का लाभ स्थानीय लोगों तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी के साथ रोजगार एवं व्यवसाय के अवसर विकसित किए जाएं। पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन को इस दिशा में सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
100 एकड़ के तालाबों में मखाना उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा
किसानों की आमदनी बढ़ाने और कृषि के नए विकल्प विकसित करने के उद्देश्य से कलेक्टर ने करीब 100 एकड़ क्षेत्र में फैले उन तालाबों का निरीक्षण किया, जहां मखाना उत्पादन की संभावनाओं पर काम किया जा रहा है। उन्होंने उत्पादन संबंधी गतिविधियों, उपलब्ध संसाधनों और खेती के विस्तार की संभावनाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने कहा कि क्षेत्र के जल संसाधनों का उपयोग पारंपरिक खेती के अलावा लाभकारी वैकल्पिक गतिविधियों के लिए भी किया जाना चाहिए। मखाना उत्पादन को व्यवस्थित रूप से बढ़ावा मिलने से किसानों को आय का नया स्रोत मिलेगा। इसके साथ ही उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन से जुड़ी गतिविधियों के विस्तार की संभावनाएं भी बनेंगी।
नगरी क्षेत्र में खुलेंगे करीब 10 दुग्ध संग्रहण केंद्र
ग्रामीण परिवारों की नियमित आमदनी बढ़ाने के लिए दुग्ध व्यवसाय को भी संगठित स्वरूप देने की तैयारी है। नगरी रेस्ट हाउस में कलेक्टर ने पशु सखियों की बैठक लेकर दुग्ध उत्पादन, पशुपालकों के पंजीयन और दूध संग्रहण की व्यवस्था की समीक्षा की।
उन्होंने बताया कि नगरी के आसपास लगभग 10 दुग्ध संग्रहण केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों में सुबह और शाम दो समय दूध एकत्र किया जाएगा, जिससे पशुपालकों को नियमित रूप से दूध बेचने और बेहतर मूल्य प्राप्त करने की सुविधा मिल सकेगी।
कलेक्टर ने पशु सखियों को अधिक से अधिक किसानों और पशुपालकों को इन केंद्रों से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पशु सखियां पशुओं के स्वास्थ्य, उचित पोषण और देखभाल के साथ दुग्ध उत्पादन बढ़ाने तथा दूध के व्यवस्थित संग्रहण में भी सहयोग करें। इससे पशुपालक परिवारों की आय बढ़ने के साथ पशु सखियों के लिए भी अतिरिक्त कमाई के अवसर बनेंगे।
पशु सखियों को गुजरात भ्रमण पर भेजने की तैयारी
दुग्ध उत्पादन और पशुपालन की उन्नत तकनीकों से परिचित कराने के लिए राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के माध्यम से पशु सखियों को गुजरात भ्रमण पर भेजने की योजना बनाई गई है। इस दौरान वे वहां की आधुनिक दुग्ध उत्पादन तकनीकों, पशुपालन प्रबंधन और सहकारी दुग्ध व्यवस्था को करीब से समझ सकेंगी। वहां से प्राप्त अनुभवों का उपयोग नगरी क्षेत्र में दुग्ध व्यवसाय को अधिक व्यवस्थित बनाने में किया जाएगा।
बैठक में कलेक्टर ने चिलिंग प्लांट के संचालन में आ रही दिक्कतों की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्लांट के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक भवन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
स्थानीय संसाधनों से रोजगार और आर्थिक विकास पर जोर
नगरी-सिहावा में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, मखाना उत्पादन और दुग्ध व्यवसाय को प्रोत्साहन देने की योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है। पर्यटन विकास से जहां स्थानीय व्यापार और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा, वहीं कृषि एवं पशुपालन आधारित गतिविधियां किसानों और ग्रामीण परिवारों के लिए आय के नए स्रोत तैयार करेंगी। जिला प्रशासन का लक्ष्य इन योजनाओं से ग्रामीणों, युवाओं, किसानों, पशुपालकों और महिला समूहों को जोड़कर स्थानीय संसाधनों का उपयोग क्षेत्र की आर्थिक प्रगति के लिए करना है।
