छत्तीसगढ़ की जेलों में खत्म होगा VIP ट्रीटमेंट, 58 साल पुराने नियमों में बदलाव; सभी बंदियों के लिए समान व्यवस्था

रायपुर। छत्तीसगढ़ की जेलों में अब बंदियों को रसूख, पैसे या सामाजिक हैसियत के आधार पर विशेष सुविधाएं नहीं मिलेंगी। राज्य सरकार ने करीब 58 साल पुराने कारागार नियमों में बदलाव करते हुए सात प्रावधानों में संशोधन किया है। नए नियमों के तहत कैदियों और विचाराधीन बंदियों के साथ समान व्यवहार किया जाएगा। इसके साथ ही जाति के आधार पर काम सौंपने की व्यवस्था भी समाप्त कर दी गई है।

अमीर-गरीब और प्रभावशाली बंदियों के लिए एक समान नियम

नए प्रावधान लागू होने के बाद जेलों में हाई-प्रोफाइल बंदियों को भी सामान्य बंदियों की तरह निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। सामाजिक प्रतिष्ठा, आर्थिक स्थिति या राजनीतिक प्रभाव के आधार पर विशेष सुविधाएं देने की गुंजाइश खत्म करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जेल प्रशासन के लिए सभी बंदियों पर समान नियम लागू करना अनिवार्य होगा।

जाति के आधार पर नहीं सौंपे जाएंगे काम

संशोधन के तहत जेलों में जाति के आधार पर सफाई, झाड़ू और अन्य कार्य सौंपने की परंपरा पर रोक लगाई गई है। अब ये काम बंदियों के बीच रोटेशन के आधार पर बांटे जाएंगे। यानी किसी बंदी की जाति के आधार पर यह तय नहीं होगा कि उसे कौन-सा काम करना है। रसोइयों की नियुक्ति से जुड़े प्रावधानों में भी बदलाव किया गया है।

सुरक्षा के नाम पर अलग रखने के लिए अदालत का आदेश जरूरी

नए नियमों में प्रभावशाली बंदियों को सुरक्षा के नाम पर अलग रखने की व्यवस्था को भी सीमित किया गया है। अब किसी बंदी को सुरक्षा कारणों से अलग रखने की व्यवस्था केवल अदालत के निर्देश पर ही की जा सकेगी। इससे जेलों के भीतर रसूख के आधार पर अलग व्यवस्था बनाए रखने की संभावना कम होगी।

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद हुआ संशोधन

राज्य सरकार ने यह बदलाव सुप्रीम कोर्ट के 3 अक्टूबर 2024 के निर्देशों के बाद किया है। संशोधित प्रावधानों का उद्देश्य जेलों में समानता और भेदभाव रहित व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

नए नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के बाद छत्तीसगढ़ की जेलों में बंदियों के साथ जाति, आर्थिक स्थिति और सामाजिक हैसियत के आधार पर अलग-अलग व्यवहार नहीं किया जा सकेगा। अब सभी बंदियों के लिए जेल के निर्धारित नियम समान रूप से लागू होंगे।