एक्टिवा से गिरा 3 लाख रुपये से भरा बैग, CCTV से पुलिस ने खोज निकाला; व्यापारी को लौटाई रकम

बिलासपुर। शहर में कोतवाली पुलिस की तत्परता और सीसीटीवी कैमरों की मदद से एक व्यापारी को उसके खोए हुए 3 लाख रुपये वापस मिल गए। पुराना हाईकोर्ट से व्यापार विहार जा रहे व्यापारी का रुपयों से भरा बैग रास्ते में एक्टिवा से गिर गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच कर ऑटो चालक तक पहुंच बनाई और पूरी रकम सुरक्षित व्यापारी को वापस दिलाई।

मामा-भांजा तालाब के पास गिरा रुपयों से भरा बैग

जानकारी के अनुसार, दीपक आलू भंडार के संचालक नरेंद्र छुगानी अपनी एक्टिवा से पुराना हाईकोर्ट की ओर से व्यापार विहार जा रहे थे। इसी दौरान टिकरापारा स्थित मामा-भांजा तालाब के पास उनका बैग सड़क पर गिर गया। बैग में करीब 3 लाख रुपये रखे हुए थे। बैग गायब होने की जानकारी मिलते ही व्यापारी परेशान हो गए।

CCTV फुटेज से ऑटो चालक तक पहुंची पुलिस

सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच में एक बाइक सवार सड़क पर गिरे बैग को उठाकर ऑटो चालक को सौंपता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने ऑटो के नंबर के आधार पर चालक की पहचान कर उसे तलाश लिया।

सुरक्षित रखी थी पूरी रकम

पूछताछ में पता चला कि ऑटो चालक ने बैग में रखी रकम को सुरक्षित संभालकर रखा था। पुलिस ने उससे बैग प्राप्त किया और व्यापारी नरेंद्र छुगानी को 3 लाख रुपये सुरक्षित वापस सौंप दिए।

सीसीटीवी कैमरों की मदद और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से व्यापारी को बड़ी राहत मिली। वहीं, सड़क पर मिले बैग को ऑटो चालक तक पहुंचाने वाले बाइक सवार की भूमिका भी फुटेज में सामने आई।