16 गोल्ड मेडल जीतकर कृषि महाविद्यालय रायपुर बना ओवरऑल चैंपियन, पूर्वी क्षेत्रीय प्रतियोगिता में दिखाया दम
रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि महाविद्यालय, रायपुर ने पूर्वी क्षेत्रीय अंतर-महाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 16 स्वर्ण पदकों के साथ ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता का आयोजन 20 से 22 नवंबर तक डीकेएस कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, भाटापारा में किया गया।
प्रतियोगिता में रायपुर महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल भावना का शानदार परिचय देते हुए टीम एवं व्यक्तिगत स्पर्धाओं में कई उपलब्धियां हासिल कीं।
टीम स्पर्धाओं में भी रहा दबदबा
कृषि महाविद्यालय रायपुर ने टेबल टेनिस और बैडमिंटन के बालक एवं बालिका वर्ग, कबड्डी और खो-खो के बालक वर्ग तथा वॉलीबॉल के बालक एवं बालिका वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किए।
एथलेटिक्स में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दम
एथलेटिक्स स्पर्धाओं में बालक वर्ग की 100, 400, 800 और 1500 मीटर दौड़ में खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीते। वहीं बालिका वर्ग में शॉटपुट, जैवलिन थ्रो और डिस्कस थ्रो में स्वर्ण पदक हासिल कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। इसके अलावा खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में रजत और कांस्य पदक भी अपने नाम किए।
अधिष्ठाता डॉ. आरती गुहे ने दी बधाई
इस शानदार उपलब्धि पर कृषि महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. आरती गुहे ने सभी विजेता खिलाड़ियों, टीम मैनेजरों, प्रशिक्षकों और सहयोगी कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी मेहनत और अनुशासन की सराहना की।
प्रतियोगिता में महाविद्यालय की टीम का नेतृत्व टीम मैनेजर एवं स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. आर.के. ठाकुर तथा महिला टीम मैनेजर डॉ. योगेश्वरी ने किया। उनके मार्गदर्शन और समन्वय से खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय को यह गौरवपूर्ण उपलब्धि दिलाई।
