BAMS की 100 सीटों पर दाखिले का रास्ता साफ, हाईकोर्ट ने भारती आयुर्वेद कॉलेज को दी बड़ी राहत
बिलासपुर। दुर्ग स्थित भारती आयुर्वेद कॉलेज को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने कॉलेज के BAMS पाठ्यक्रम की 100 सीटों पर प्रवेश की अनुमति नहीं देने संबंधी आदेश को रद्द कर दिया है। हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद शैक्षणिक सत्र 2026-27 में सभी 100 सीटों पर दाखिले का रास्ता साफ हो गया है।
दरअसल, नेशनल कमीशन फॉर इंडियन सिस्टम ऑफ मेडिसिन (NCISM) ने भारती आयुर्वेद कॉलेज को BAMS पाठ्यक्रम में प्रवेश की अनुमति नहीं दी थी। आयोग के इस फैसले को कॉलेज प्रबंधन ने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने NCISM के आदेश को पलटते हुए कॉलेज को काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल करने का निर्देश दिया।
25 नवंबर से स्ट्रे वैकेंसी काउंसलिंग में होगा शामिल
हाईकोर्ट ने निर्देश दिया है कि भारती आयुर्वेद कॉलेज को 25 नवंबर से शुरू होने वाली स्ट्रे वैकेंसी काउंसलिंग में शामिल किया जाए। इससे शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कॉलेज की 100 BAMS सीटों पर प्रवेश का अवसर मिलेगा।
30 नवंबर तक पूरी करनी होगी प्रवेश प्रक्रिया
दाखिले के लिए समय काफी सीमित है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, प्रवेश की अंतिम तारीख 30 नवंबर निर्धारित की गई है। ऐसे में 25 नवंबर से शुरू होने वाली स्ट्रे वैकेंसी काउंसलिंग के जरिए सभी आवश्यक प्रवेश प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी।
हाईकोर्ट के इस फैसले से कॉलेज प्रबंधन को बड़ी राहत मिली है। वहीं BAMS में प्रवेश की प्रतीक्षा कर रहे विद्यार्थियों के लिए भी 100 अतिरिक्त सीटों पर दाखिले की संभावना खुल गई है।
