छत्तीसगढ़ में सरकारी चावल की गुणवत्ता पर बड़ा सवाल, 118 नमूनों में 72 फेल; ढाई साल बाद भी कार्रवाई का इंतजार
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत राशन दुकानों से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को वितरित किए जाने वाले चावल की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। केंद्र सरकार की जांच में प्रदेश के 18 गोदामों से लिए गए 118 नमूनों में से 72 गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। इनमें करीब 61 प्रतिशत नमूने बीआरएल (Below Rejection Limit) यानी अस्वीकृति सीमा से भी खराब पाए गए। हैरानी की बात यह है कि जांच रिपोर्ट मई 2024 में ही राज्य सरकार को भेज दी गई थी, लेकिन करीब ढाई साल बाद भी कार्रवाई और जवाबदेही को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
18 गोदामों की जांच में मिलीं गंभीर खामियां
जांच के दौरान चावल के भंडारण और रखरखाव में कई अनियमितताएं सामने आईं। अलग-अलग मिलरों से प्राप्त चावल को एक ही स्टैक में मिलाकर रखने का मामला सामने आया। इससे अलग-अलग खेप की पहचान और गुणवत्ता की निगरानी प्रभावित होने की आशंका जताई गई। मनेन्द्रगढ़ के एक गोदाम में फोर्टिफाइड और नॉन-फोर्टिफाइड चावल को भी एक साथ रखे जाने की जानकारी सामने आई।
गुणवत्ता जांच और निगरानी व्यवस्था में लापरवाही
रिपोर्ट में गोदामों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए हैं। कई स्थानों पर गुणवत्ता जांच और निरीक्षण से जुड़े रजिस्टर उपलब्ध नहीं थे या नियमित रूप से अपडेट नहीं किए जा रहे थे। चार गोदामों में नमी मापने वाले मीटर का कैलिब्रेशन नहीं कराया गया था। वहीं पांच गोदामों में कीटनाशकों का स्टॉक शून्य पाया गया।
रिजेक्ट चावल का उठाव भी नहीं हुआ समय पर
जांच में यह भी सामने आया कि गुणवत्ता परीक्षण में रिजेक्ट किए गए चावल की कुछ खेपों का उठाव लंबित था। यानी जिन चावल के लॉट को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया, उन्हें गोदामों से हटाने की प्रक्रिया भी समय पर पूरी नहीं की गई।
मई 2024 में भेजी गई थी रिपोर्ट, अब जवाबदेही पर सवाल
जानकारी के मुताबिक, केंद्र सरकार ने मई 2024 में ही जांच रिपोर्ट राज्य सरकार को भेज दी थी। इसके बावजूद करीब ढाई साल बीतने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित व्यवस्थाओं पर कार्रवाई को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
सरकारी राशन व्यवस्था सीधे आम लोगों की खाद्य सुरक्षा से जुड़ी हुई है। ऐसे में 118 में से 72 नमूनों के गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरने का मामला बेहद गंभीर है। अब सवाल यह है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद राज्य सरकार ने क्या कदम उठाए, खराब गुणवत्ता वाले चावल के वितरण को रोकने के लिए क्या व्यवस्था की गई और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई?
