कोण्डागांव के धनोरा में कलार महोत्सव में शामिल हुए सीएम विष्णु देव साय, गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

रायपुर, 23 नवंबर 2026: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज कोण्डागांव जिले के ग्राम धनोरा में आयोजित ‘राजराजेश्वर भगवान सहस्रबाहु अर्जुन जयंती कलार महोत्सव’ में शामिल हुए। उन्होंने भगवान सहस्रबाहु अर्जुन की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कलार समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकता की सराहना करते हुए कहा कि भगवान सहस्रबाहु अर्जुन का जीवन न्याय, धर्मरक्षा और लोककल्याण के उच्च आदर्शों का प्रतीक है। उनके आदर्श समाज की सेवा और जनहित के कार्यों के लिए सदैव प्रेरित करते हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि समाज के हर वर्ग की उन्नति में ही प्रदेश की समृद्धि निहित है और राज्य सरकार इसी भावना के साथ सभी वर्गों के कल्याण तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

कलचुरी वंश की विरासत और समाज की एकजुटता की सराहना

महोत्सव में उपस्थित समाजजनों को भगवान सहस्रबाहु अर्जुन जयंती की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कलार समाज का इतिहास अत्यंत समृद्ध और गौरवशाली रहा है। सातवीं से सत्रहवीं शताब्दी तक लगभग एक हजार वर्षों तक देश के विभिन्न क्षेत्रों में कलचुरी वंश का वैभवशाली शासन रहा। इस गौरवशाली विरासत को संजोते हुए कलार समाज आज शिक्षा, कृषि, व्यापार, व्यवसाय और विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने समाज की एकजुटता, परिश्रम और सामाजिक समरसता की भावना की प्रशंसा करते हुए कहा कि संगठित और जागरूक समाज ही प्रदेश की प्रगति को नई दिशा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं तथा समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं। राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री की गारंटी को पूरा करने की दिशा में सरकार गठन के बाद पहली ही कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को स्वीकृति दी, क्योंकि गरीब परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

किसानों, महिलाओं और श्रमिकों के लिए योजनाएं

किसानों के हित में उठाए गए कदमों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी का महाअभियान प्रारंभ हो चुका है। किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की जा रही है। किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष 360 नए धान उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए गए हैं, ताकि उन्हें अपनी उपज बेचने में परेशानी न हो।

उन्होंने बताया कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लगभग 68 लाख माताओं-बहनों को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा रही है। तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है और चरण पादुका योजना पुनः प्रारंभ की गई है। प्रदेश के 5.5 लाख से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूरों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है, जबकि श्री रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक 55 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या धाम में दर्शन कर चुके हैं।

बस्तर में शांति, विकास और जनकल्याण के प्रयास

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के मार्गदर्शन में बस्तर को नक्सलवाद से मुक्त कर शांति, विश्वास और विकास की नई दिशा देने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 15 हजार अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से छह हजार से अधिक आवासों का निर्माण किया जा रहा है।

जनजातीय क्षेत्रों की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि पीएम जनमन योजना के अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए आवास स्वीकृत किए गए हैं और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान में प्रदेश के गांवों को शामिल किया गया है। बस्तर में खाली हो रहे सुरक्षा कैंपों को प्रशिक्षण और जनसेवा केंद्रों के रूप में विकसित कर ‘सेवा डेरा’ बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बस्तर योजना के अंतर्गत 34 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है और 40 हजार से अधिक लोगों को उपचार उपलब्ध कराया गया है, वहीं अग्रणी बस्तर अभियान से दूरस्थ गांवों में राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और जॉब कार्ड जैसी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।

पशुपालन, सिंचाई और सुशासन पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने के लिए कृषि के साथ पशुपालन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के साथ हुए समझौते के तहत प्रत्येक परिवार को दो गाय उपलब्ध कराने और दूध खरीदी की व्यवस्था विकसित की जा रही है। इंद्रावती नदी पर देउरगांव और मटनार में लगभग दो हजार करोड़ रुपये की दो सिंचाई परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जिनसे लगभग 80 हजार एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी।

सुशासन और पारदर्शी प्रशासन की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 प्रारंभ की गई है, जो चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेगी और इससे ट्रांसफार्मर बदलने, सीमांकन, फौती तथा आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र से जुड़ी समस्याओं का निराकरण होगा; इस व्यवस्था से लगभग आठ हजार अधिकारी-कर्मचारी जुड़े हैं। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से 38 विभागों की 900 से अधिक सेवाएं घर बैठे मिल रही हैं और छह हजार से अधिक ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

अतिथियों के संबोधन और उपस्थिति

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रदेश की 70 हजार से अधिक मितानिन बहनों को मितानिन दिवस की बधाई दी और कलार समाज, कलचुरी वंश तथा जनजातीय समाज के बीच आपसी समरसता और भाईचारे की परंपरा का उल्लेख किया। कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग ने कहा कि मुख्यमंत्री ने धनोरा पहुंचकर स्थानीय आराध्य खण्डा डोकरा आंगा देव की पूजा-अर्चना कर जनजातीय आस्था का सम्मान किया। केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम ने बताया कि 32 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत सब-स्टेशन का निर्माण पूर्ण होने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति को मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, वन मंत्री श्री केदार कश्यप, कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग, बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी, केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम, पूर्व विधायक श्री सेवकराम नेताम, बस्तर आईजी श्री बी.एन. मीणा, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा, कलार समाज बस्तर संभाग के अध्यक्ष श्री कमल किशोर कश्यप सहित समाज के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे।