व्याख्याता भर्ती परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी, 29 नवंबर को होगी परीक्षा; CGSSB ने जारी की सख्त गाइडलाइन

23 नवंबर से डाउनलोड कर सकेंगे प्रवेश पत्र, सुबह 9:30 बजे बंद हो जाएंगे परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार; ड्रेस कोड और पहचान पत्र अनिवार्य

रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) ने लोक शिक्षण संचालनालय के अंतर्गत व्याख्याता पदों की भर्ती परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थी 23 नवंबर 2026 से आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। व्याख्याता भर्ती परीक्षा 29 नवंबर 2026, रविवार को प्रदेश के पांच परीक्षा जिलों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है।

इन वेबसाइटों से डाउनलोड करें एडमिट कार्ड

मंडल के अनुसार, अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र डाक के माध्यम से नहीं भेजे जाएंगे। उम्मीदवार अपनी प्रोफाइल लॉगिन के जरिए नीचे दी गई वेबसाइटों से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।

प्रवेश पत्र के सभी पन्नों का प्रिंट आउट एक तरफ ही निकालना होगा। प्रत्येक परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र की एक प्रति परीक्षा केंद्र में जमा की जाएगी। चयन प्रक्रिया के दौरान भी इसकी आवश्यकता होगी, इसलिए अभ्यर्थियों को इसे सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।

परीक्षा के लिए ड्रेस कोड निर्धारित

CGSSB ने परीक्षा केंद्र में प्रवेश को लेकर ड्रेस कोड के निर्देश जारी किए हैं। इसके अनुसार अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा देनी होगी।

इन रंगों के कपड़े पहनने पर प्रतिबंध रहेगा:

  • काला और गहरा नीला

  • गहरा हरा और जामुनी

  • मैरून और बैंगनी

  • गहरा चॉकलेटी रंग

बिना पॉकेट वाले साधारण स्वेटर पहनने की अनुमति होगी। हालांकि, सुरक्षा जांच के दौरान स्वेटर उतारकर जांच करानी होगी। स्वेटर के लिए हल्के रंग या आधी बांह की बाध्यता नहीं रखी गई है। अभ्यर्थियों को फुटवियर में चप्पल पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं। कानों में किसी भी प्रकार के आभूषण पहनने की अनुमति नहीं होगी।

धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनकर आने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा जांच के बाद प्रवेश दिया जाएगा।

सुबह 9:30 बजे बंद हो जाएगा मुख्य द्वार

परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू होगी, जबकि परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार सुबह 9:30 बजे बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। पहचान सत्यापन और सुरक्षा जांच को देखते हुए मंडल ने अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी है।

अभ्यर्थियों के लिए फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य है। इसके लिए आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस या पैन कार्ड मान्य होंगे। मूल पहचान पत्र के बिना परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और इन वस्तुओं पर प्रतिबंध

परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट और टोपी ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।

इसके अलावा परीक्षा शुरू होने के पहले आधे घंटे और अंतिम आधे घंटे में अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। अनुचित साधनों का उपयोग करने या निर्देशों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई और अभ्यर्थिता समाप्त की जा सकती है।

परीक्षार्थियों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

परीक्षा केंद्र या प्रवेश पत्र से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए CGSSB ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। अभ्यर्थी कार्यालयीन समय सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।

  • हेल्पलाइन नंबर: 0771-2972780

  • मोबाइल नंबर: 8827920164

मंडल ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से पहले प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लें, परीक्षा केंद्र की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर लें और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित समय से पहले केंद्र पहुंचें।