संविधान दिवस मनाने का निर्णय प्रधानमंत्री मोदी ने लिया, बाबा साहेब के सम्मान में विकसित किए पंचतीर्थ : अरुण साव
रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सोमवार को भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को औपचारिक रूप से अंगीकृत किया था। संविधान के निर्माण में 2 वर्ष, 11 महीने और 18 दिन का समय लगा था।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि वर्ष 2015 से संविधान दिवस मनाने की परंपरा को नए सिरे से प्रारंभ किया गया। इसका उद्देश्य संविधान के प्रति सम्मान और बाबा साहेब डॉ. अम्बेडकर के योगदान को याद करना तथा उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है। संविधान दिवस संवैधानिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का अवसर है।
संविधान भारत की आत्मा और विविधता की पहचान है
श्री साव ने कहा कि भारतीय संविधान केवल कानूनों का संग्रह नहीं है, बल्कि यह भारत की आत्मा और देश की 140 करोड़ जनता की भावनाओं को प्रतिबिंबित करता है। संविधान हमें अधिकार देने के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। इसकी प्रस्तावना के शुरुआती शब्द ‘हम भारत के लोग’ देश की एकता और विविधता की ताकत को दर्शाते हैं।
उन्होंने कहा कि आज भारत अपनी विविधताओं पर गर्व करते हुए विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। देश की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था और मजबूत होती अंतरराष्ट्रीय छवि के कारण पूरी दुनिया की नजर भारत पर है। इसके पीछे भारतीय संविधान की मजबूती और लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका है।
बाबा साहेब के सम्मान में विकसित किए गए पंचतीर्थ
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डॉ. बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर के जीवन और विचारों से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को विकसित किया गया है। इनमें उनकी जन्मभूमि पर स्मारक, लंदन में शिक्षा भूमि पर डॉ. अम्बेडकर मेमोरियल, नागपुर की दीक्षाभूमि, मुंबई की चैत्यभूमि और दिल्ली की महापरिनिर्वाण भूमि पर राष्ट्रीय स्मारक शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र संघ में भी डॉ. अम्बेडकर की 125वीं जयंती मनाई गई। 14 अप्रैल को उनकी जयंती समरसता दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया। भीम ऐप भी बाबा साहेब को समर्पित है।
कांग्रेस पर लगाया बाबा साहेब का अपमान करने का आरोप
श्री साव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस और पूर्ववर्ती कांग्रेस समर्थित सरकारों ने डॉ. अम्बेडकर को उचित सम्मान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब को लोकसभा चुनावों में हराने की कोशिश की गई और उन्हें भारत रत्न से भी लंबे समय तक सम्मानित नहीं किया गया। श्री साव ने कहा कि भाजपा समर्थित सरकार के कार्यकाल में ही उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया।
उन्होंने अनुच्छेद 370 का उल्लेख करते हुए कहा कि बाबा साहेब इसके विरोधी थे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने इसे समाप्त किया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2015 में संविधान दिवस मनाने के निर्णय का भी कांग्रेस ने विरोध किया था।
छत्तीसगढ़ की विभूतियों का भी संविधान निर्माण में रहा योगदान
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि संविधान दिवस हमें न्याय, समानता, स्वतंत्रता और विविधता में एकता जैसे लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने की प्रेरणा देता है। संविधान निर्माण में छत्तीसगढ़ की महान विभूतियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इनमें घनश्याम सिंह गुप्त, पंडित रविशंकर शुक्ल, बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल, पंडित किशोरी मोहन त्रिपाठी और रामप्रसाद पोताई शामिल हैं।
उन्होंने सभी महान विभूतियों को नमन करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं से युवाओं के बीच संविधान के मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।
पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू, प्रदेश मंत्री जयंती पटेल, रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल आयोग अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही और जिला उपाध्यक्ष अकबर अली सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
