BREAKING…भानसोज धान खरीदी केंद्र का अपर मुख्य सचिव एवं कलेक्टर ने किया निरीक्षण, किसानों से लिया व्यवस्थाओं का फीडबैक
रायपुर। अपर मुख्य सचिव श्रीमती ऋचा शर्मा एवं कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने भानसोज धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण कर धान खरीदी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, टोकन व्यवस्था और धान खरीदी की प्रक्रिया का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव एवं कलेक्टर ने किसानों से सीधे संवाद कर पूछा कि धान विक्रय के लिए टोकन कटवाने में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है। किसानों ने बताया कि टोकन आसानी से कट रहे हैं और धान विक्रय में भी किसी तरह की समस्या नहीं आ रही है।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव श्रीमती ऋचा शर्मा ने कहा कि पिछले दिनों हुई बारिश के कारण जिन किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है, उन्हें नियमानुसार राहत प्रदान की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा धान की खरीदी सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित की जाए।
